ग्राम मांदक की नवनिर्वाचित प्रधान के पति का बुधवार को निधन हो गया। वह कोरोना से संक्रमित थे। उनके निधन से परिवार व समर्थकों में छाई जीत की खुशियां मातम में बदल गईं।
ग्राम मांदक में माया देवी पत्नी देवराज सिंह ग्राम प्रधान बनी हैं। चुनाव के दौरान माया देवी का पूरा परिवार लोगों से संपर्क कर प्रचार में लगा था।
मंगलवार को माया देवी के पति 55 वर्षीय देवराज सिंह की अचानक तबीयत खराब हुई। उन्हें जट्टारी के निजी अस्पताल में तत्काल परिवार वालों ने भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर बुधवार की सुबह जेवर के कैलाश हास्पिटल ले गए जहां दोपहर में करीब एक बजे उनका निधन हो गया। देवराज के तीन पुत्र एक पुत्री है जो शादीशुदा है।
भाजपा नेता कमलेश चौहान ने गांव में कोरोना से गांव में और भी मौतें होने की बात कहते हुए शासन-प्रशासन से गांव को सैनिटाइज कराने की मांग की है। एक के बाद एक मौत से गांव वाले दहशत में हैं।