अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर में उच्च क्षमता वाले आक्सीजन उत्पादन प्लांट का सोमवार को एएमयू कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने उद्घाटन किया। प्लांट में प्रति मिनट 874 लीटर आक्सीजन पैदा करने की क्षमता है, जो एक बार में 250 मरीजों के लिए पर्याप्त होगी।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि यूनिट में दो पीएसए जेनरेटर, दो कंप्रेसर और 5,500 लीटर की क्षमता वाला एक एयर टैंक और तीन हजार लीटर का ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में ऑक्सीजन एक महत्वपूर्ण कारक है और प्लांट की स्थापना से मेडिकल कालेज में आक्सीजन बेड की क्षमता में काफी वृद्धि होगी। उन्होंने एएमयू के कुलाधिपति और पूर्व छात्रों को उनके दान के लिए धन्यवाद दिया।
ऑक्सीजन गैस प्लांट के नोडल अधिकारी डा. उबैद ए सिद्दीकी ने कहा कि यह प्लांट तरल ऑक्सीजन पर हमारी निर्भरता को कम करेगा और हमें आक्सीजन के उत्पादन में आत्मनिर्भर होने में मदद करेगा। इस अवसर पर रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद, मेडिसिन फैकल्टी के डीन प्रोफेसर राकेश भार्गव, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर शाहिद अली सिद्दीकी, चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर हरिस मंसूर, इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर एमएम सुफियान बेग आदि मौजूद थे।