अलीगढ़ के नए डीआईजी सुरेशराव ए कुलकर्णी
- फोटो : साेशल मीडिया
अलीगढ़ रेंज के नए डीआईजी सुरेशराव ए कुलकर्णी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान जिले के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। अधिकारियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस का भय अपराधियों में दिखना चाहिए, जनता में नहीं। ऐसा माहौल तैयार करना है। इधर, इससे पहले पुराने आईजी दीपक कुमार को विदाई दी गई।
नए डीआईजी सुरेश राव ए कुलकर्णी कानपुर कमिश्ररेट से स्थानांतरित होकर आए हैं। मूल रूप से महाराष्ट्र निवासी नए डीआईजी 2008 बैच के आईपीएस अफसर हैं। शाम को आगमन पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पुलिस परेड ने सलामी देकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने रेंज के चारों जिले अलीगढ़, हाथरस, एटा व कासगंज का ब्योरा तलब किया और अलीगढ़ एसएसपी कलानिधि नैथानी संग जिले के अन्य अधिकारियों से बातचीत की।
परिचयात्मक बातचीत में उन्होंने कहा कि समय से विवेचनाओं का निस्तारण करें। जनता के साथ समन्वय, अपराध पर लगाम, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई उनकी प्राथमिकता में है, जो भी लंबित विवेचनाएं हैं। उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। इस मौके पर जिले भर के अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले दोपहर में यहां से आगरा बतौर आईजी गए दीपक कुमार को विदाई दी गई। एसएसपी की अगुवाई में उन्हें स्मृति चिह्न देकर विदा किया गया।
अपने विदाई कार्यक्रम में आईजी दीपक कुमार ने कहा कि वे अलीगढ़ के कार्यकाल को कभी भुला नहीं पाएंगे। इस दौरान उन्होंने स्टाफ को पुलिसिंग की सीख दी। इस मौके पर एसएसपी के अलावा एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी देहात पलाश बंसल, एसपी यातायात मुकेश चंद्र उत्तम, एएसपी राघवेंद्र सिंह, सीओ मोहसिन आदि मौजूद रहे।