निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र स्रोत स्वयं
खेल-खेल में सीखेंगे नौनिहाल, खुर्द खेड़ा में निर्माण शुरू
अलीगढ़। जिले में 1.5 करोड़ रुपये की लागत से पांच मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। प्रदेश के 27 जिलों में बन रहे 69 मॉडल केंद्रों में अलीगढ़ भी शामिल है। जवां ब्लॉक की खुर्द खेड़ा ग्राम पंचायत में पहले केंद्र का निर्माण शुरू हो चुका है। प्रत्येक केंद्र पर 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन केंद्रों में बच्चों को खेल, खिलौनों और रोचक गतिविधियों के माध्यम से शुरुआती शिक्षा दी जाएगी। परिसर में रंगीन चित्र, झूले, स्मार्ट टीवी और आकर्षक फर्नीचर की व्यवस्था प्रस्तावित है। साथ ही बच्चों के पोषण, स्वच्छता और अच्छे संस्कारों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
अतरौली, इगलास और खैर समेत पांच ब्लॉकों में केंद्र बनाए जाने हैं। इनके लिए स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि धनराशि का इंतजार है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी केके राय ने बताया कि मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्देश्य तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश से पहले उनकी शैक्षिक नींव मजबूत हो सके।