साल की पहली क्राइम मीटिंग (अपराध समीक्षा) बृहस्पतिवार को बेहद गरम रही। वजह अपराध नहीं, बल्कि लंबित काम पूरे न होना थी। जिले का शायद ही कोई कोतवाल ऐसा रहा हो, जिसे जमकर डांटा या डपटा न गया हो। किसी न किसी वजह से एसएसपी मुनिराज जी थाने के कामकाज की कमियां पकड़कर कोतवालों पर बरसे। साफ कहा कि जब पुराने काम पूरे नहीं होंगे तो नए काम कैसे कर पाओगे। थाना दुरुस्त नहीं होगा तो क्राइम कंट्रोल कैसे कर पाओगे। उनका जोर कागजी काम पूरा करने पर था। ताकि अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके और जिले के अपराध का ग्राफ खुद ब खुद कम हो जाए।
पुलिस लाइन सभागार में करीब तीन घंटे तक चली अपराध समीक्षा के दौरान जब आंकड़ों पर बात हुई तो पाया गया कि वर्ष 2020 के 1500 मुकदमों की विवेचनाएं लंबित हैं। उन्होंने थानेवार लक्ष्य दिया कि इस माह में इन विवेचनाओं का निस्तारण हर हाल में कराया जाए। इसके अलावा इस बात पर भी नाराजगी जताई कि पिछले साल जिन अपराधियों पर फरारी में गैंगेस्टर लगाई है, उनमें काफी संख्या में अपराधी अभी तक फरार हैं, यह बेहद शर्म की बात है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस माह के अंत तक ऐसे सभी अपराधी जेल भेज दिए जाएं। इसके अलावा उन्होंने पांच या उससे अधिक मुकदमों वाले अपराधियों को हर हाल में इस माह जेल भेजने, थानों में पड़े एनडीपीएस के माल का निस्तारण कराने आदि पर जोर दिया। अंत में सर्वाधिक जोर मुकदमों में सजा कराने पर रहा। साफ कहा कि जिले के सभी 26 थानों से पिछले वर्ष के 50 ऐसे मुकदमे चिह्नित कर लिए जाएं, जिनमें आने वाले छह माह में अपराधियों को सजा कराई जा सके। इन मुकदमों के सभी साक्ष्य संकलित कर लिए जाएं। चूंकि, अभी अपराधी जेल में हैं, इसलिए जल्द से जल्द न्यायालयों में पैरवी कर मुकदमों में चार्ज तय कराकर ट्रायल शुरू कराया जाए। खुद ब खुद परिणाम सामने आ जाएंगे। आने वाले समय में इसके बेहतर परिणाम भी दिखाई देंगे। इस मौके पर एसपी सिटी कुलदीप गुणावत, एसपी क्राइम डॉ.अरविंद, एसपी देहात शुभम पटेल, एएसपी विकास कुमार सहित सभी सीओ व कोतवाल मौजूद रहे।
- क्राइम मीटिंग में पिछले साल की प्रगति के साथ नए साल के लक्ष्य पर चर्चा हुई है। इसके पीछे मकसद अपराधियों पर शिकंजा कसे रहना है। बेहतर काम की मदद से जल्द बेहरत परिणाम सामने होंगे।-मुनिराज जी एसएसपी
ये हैं नए लक्ष्य
- 1500 लंबित वर्ष 2020 की विवेचनाएं फरवरी माह में निपटाएं
- 50 मुकदमों के साक्ष्य पूरे करके छह माह में सजा कराएं
- एनडीपीएस के माल इस माह में निस्तारित कराए जाएंगे
- 5 से अधिक मुकदमे वाले सभी 70 अपराधी गिरफ्तार हों
- पिछले साल के गैंगेस्टर के मुकदमों में चार्जशीट दायर हों
ये तीन मुकदमे ट्रायल पर
- बन्नादेवी का सुंदर ज्वेलर्स लूटकांड
- बन्नादेवी का अपहरण के बाद हत्याकांड
- इगलास का कारोबारी अपहरण कांड