राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनर्परीक्षा-2026 रविवार को अलीगढ़ जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक ही पाली में होने वाली इस परीक्षा में कुल 8,891 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। परीक्षा केंद्र के भीतर केवल प्रवेश पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, निर्धारित प्रारूप पर चिपका हुआ एक पोस्टकार्ड साइज फोटो, सरकार द्वारा जारी मूल पहचान पत्र (जैसे पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी पहचान पत्र आदि) और एक पारदर्शी पानी की बोतल ले जाई जा सकेगी।
केंद्र पर घड़ी, पेन, पेंसिल, मोबाइल, कैलकुलेटर, आभूषण, पर्स या बैग जैसा कोई भी सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पेन परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम और तहसीलदार को जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल और यातायात मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है।
ये बने 18 परीक्षा केंद्र
डीएवी इंटर कॉलेज, बाबूलाल जैन इंटर कॉलेज, चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज, चिरंजीलाल बालिका इंटर कॉलेज, रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज, रतन प्रेम डीएवी कन्या इंटर कॉलेज, गोपीराम पालीवाल इंटर कॉलेज, धर्म समाज इंटर कॉलेज, हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज, अग्रसेन इंटर कॉलेज (हरदुआगंज), धर्म समाज महाविद्यालय (ब्लॉक-ए), धर्म समाज महाविद्यालय (ब्लॉक-बी), जनता इंटर कॉलेज (अनूपशहर रोड, छेरत), फैकल्टी ऑफ आर्ट्स (यूनिवर्सिटी रोड, एएमयू), डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स (पुरानी चुंगी के निकट, एएमयू, जेएन मेडिकल कॉलेज (जकरिया मार्केट, एएमयू), पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय (देवसैनी, पीएसी के निकट), सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल (एएमयू, मैरिस रोड, अब्दुल्लाह हॉल)