मथुरा रोड पर मोहकमपुर व बेसवां के बीच दो पहिया वाहनों की टक्कर में मथुरा निवासी एनसीसी में सेवारत कर्मचारी की मौत हो गई। एक अन्य युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है।
सोमवार शाम साढ़े छह बजे मथुरा सदर बाजार रोटी गोदाम निवासी निजामुद्दीन पुत्र मुइनुद्दीन(41) बाइक पर सवार होकर मथुरा से अलीगढ़ जा रहे थे। वह अलीगढ़ एनसीसी बटालियन में क्लर्क के पद पर सेवारत थे। वहीं इगलास की ओर से शमसाद पुत्र छत्तर खां निवासी परसारा जलेसर रोड हाथरस स्कूटी से मथुरा की ओर जा रहा था। दोनों वाहन मोहकमपुर से पूर्व स्थित नेपाल कोल्ड स्टोर के सामने भिड़ गए। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इगलास में उपचार के लिए भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने निजामुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। शमसाद को गंभीर हालत में अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।