शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को देवी के तीसरे रूप चंद्रघंटा का पूजन किया गया। देवी मंदिरों में दिन भर रौनक रही। मंदिरों में भजन-कीर्तन किया गया। मंदिर जयकारों से गूंजते रहे।
नौरंगाबाद के नौ देवी मंदिर, गांधीपार्क स्थित चामुंडा देवी मंदिर, महेंद्र नगर में काली माता के मंदिर, गायत्री मंदिर, कामाख्या देवी मंदिर, काली मंदिर में देवी पूजन के साथ भजन- कीर्तन समेत धार्मिक अनुष्ठान हुए।
कुलदेवी के रूप में प्रसिद्ध पथवारी मैया, हाथरस अड्डा के निकट पथावरी देवी मंदिर पर भक्तों की कतारें लगी रहीं। दुबे का पड़ाव, रामघाट रोड, सारसौल, भमौला स्थित पथवारी मैया के मंदिरों पर भी भक्तों ने पूजन कर भोग प्रसाद चढ़ाया और मनौतियां मांगी।
गणेश मंदिर में हुई भजन संध्या : अचल सरोवर स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री गणेश मंदिर में मंगलवार को नवरात्र के उपलक्ष्य में भजन संध्या का आयोजन किया गया।
संत सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में माता रानी के भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। मंदिर के महंत विनयनाथ महाराज, कृपा देवी, ललिता देवी, सुनीता, कामिनी, मीडिया प्रभारी ललित वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।
देवी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु : इंदिरा नगर में मंगलवार को नवरात्रि फलाहार समिति की ओर से मां भगवती की चौकी का आयोजन किया गया। इस दौरान माता रानी का दरबार सजाया गया।
मां के दर्शन और भजनों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मुख्य संयोजक मोहित कुमार ने मां भगवती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर आशीर्वाद लिया।
पूर्व मेयर शकुंतला भारती समेत भजन गायकों ने मां की महिमा का गुणगान किया। यहां सीमा वार्ष्णेय, दीपक साईं, राजेंद्र शर्मा, जीतू वार्ष्णेय, प्रमोद सिंघल, करन माहौर, सतीश माहौर आदि मौजूद रहे।