हाथरस अड्डे स्थित पथवारी मंदिर में पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु।
- फोटो : CITY OFFICE
जिस प्रकार प्रार्थना, पूजा-पाठ जरूरी है। उसी प्रकार इस समय मास्क और सामाजिक दूरी भी जरूरी है। इसीलिए मातारानी से कोरोना संक्रमण के खात्मे की प्रार्थना करें, लेकिन इस बीच मास्क-सैनिजाइटर और सामाजिक दूरी वाले नियमों का भी पालन करें। यह विचार रविवार को नौरंगाबाद के नवदुर्गा मंदिर में मंदिर महंत छोटू महाराज ने श्रद्धालुओं के सामने रखे। इस बीच वह श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित न करने के चलते आहत भी थे।
सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना, भोग के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। शहर के प्रसिद्ध नवदुर्गा मंदिर में मास्क, सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी के साथ ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया गया। वहीं शहर के सिद्धपीठ चामुंडा मंदिर, वैष्णो मंदिर, पथवारी मंदिर, काली मंदिर, कामख्या मंदिरों में श्रद्धालुओं ने लाइन भी लगाई। इसके बाद महानवमी के मौके पर श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में कन्या लांगुराओं को भोजन कराया। पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उपहार भी दिए। दोपहर में घंटे दो घंटे के लिए श्रद्धालुओं की संख्या कम हुई तो शाम को फिर से भीड़ हो गई। इसके अलावा दान पुण्य का भी दौर चला। लोगों ने जगह-जगह फलाहार का भी वितरण किया। वहीं शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को लेकर श्रद्धालु नाचते गाते हुए गंगा घाट और हरदुआगंज की नहर पर पहुंचे। यहां भक्तिभाव से देवी की प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया।