दिनावली में बैठक करते अखिल भारतीय अहेरिया वहेलिया महासंघ के पदाधिकारी। स्रोत : स्वयं
- फोटो : samvad
अकराबाद। गांव दिनावली में सोमवार को अखिल भारतीय अहेरिया बहेलिया महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह ने अहेरिया समाज के लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान समाज के लोगों ने उत्पीड़न, पुलिस कार्रवाई और एक संदिग्ध मौत के मामले सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में स्थानीय निवासी सत्यपाल ने बताया कि पड़ोसी गांव के कुछ युवक आए दिन अहेरिया समाज के लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट करते हैं। उनका आरोप था कि जनवरी और मार्च में हुए विवादों के बाद थाना पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए समाज के लोगों के खिलाफ गलत रिपोर्ट दर्ज की।
वहीं, स्नेहलता ने बताया कि 18 मई की सुबह उनके पति जगदीश उर्फ जग्गा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद 12 दिन बाद भी पुलिस की कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं हैं और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रही हैं।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर संगठन के साथ डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गजराज सिंह, राष्ट्रीय महासचिव ज्ञानी राम, प्रदेश महासचिव नरेश चंद्र, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष टीकाराम, पवन कुमार, प्रकाश सिंह, हरवीर सिंह, रिंकू कुमार आदि मौजूद रहे।