स्मार्ट सिटी में विश्व स्तर की स्मार्ट सड़कें बनेंगी। इनकी लंबाई 20 किलोमीटर होगी। अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की महत्वपूर्ण कैरिज वे परियोजना पर काम शुरू हो गया है। इस योजना की डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के इंजीनियरों को सौंपी गई है।
नगर आयुक्त प्रेमरंजन सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को एएमयू के जेडएच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें सिविल इंजीनियरिंग विभाग के इंजीनियरों द्वारा तैयार की जा रही डीपीआर के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। नगर आयुक्त प्रेमरंजन सिंह ने बताया कि कैरिज वे के अंतर्गत 20 किलोमीटर की नगरीय सड़कों को स्मार्ट सड़क के रूप में विकसित करना है।
योजना के अंतर्गत सड़कों के दोनों ओर साइकिल ट्रैक, स्मार्ट पोल, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ, वाई-फाई जोन, स्मार्ट वेंडिंग जोन, अंडर ग्राउंड इलेक्ट्रिसिटी आदि बनना है। इस अवसर पर सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. नदीम खलीन, उप नगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद, कर अधीक्षक राजेश कुमार, मुख्य अभियंता कुलभूषण वार्ष्णेय, अर्बन प्लानर हिमांशु शर्मा, अहसान रब आदि मौजूद थे।
इन क्षेत्रों में स्मार्ट सड़क की योजना
शमशाद मार्केट से जेल रोड फ्लाईओवर, शमशाद मार्केट क्रासिंग से कठपुला, नकवीपार्क ठंडी सड़क तस्वीर महल से तहसील तिराहा, तस्वीर महल से बीएसएनएल आफिस, बर्छी बहादुर से छर्रा अड्डा, समद रोड, लाल डिग्गी, रामघाट रोड, बन्नादेवी चर्च से छर्रा अड्डा फ्लाईओवर, रेलवे रोड, रसलगंज रोड, महावीरगंज, रामघाट रोड, दोदपुर व मैरिस रोड।