प्रदेश की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने सोमवार से नायाब तहसीलदार, राजस्व न्यायालय और चकबंदी न्यायालय खोलने और काम करने का निर्देश जारी कर दिया है। इस संबंध में राजस्व परिषद के आयुक्त सचिव, चकबंदी आयुक्त के साथ प्रदेश के सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मंडलायुक्त जीएस प्रियदर्शी ने बताया शासन के विशेष सचिव महेंद्र सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। अपर मुख्य सचिव का पत्र प्राप्त हो चुका है। सोमवार से उक्त न्यायालयों में पूर्व की भांति ही कामकाज शुरू होगा। मंडल के चारों जिलों में इस व्यवस्था को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने के साथ लागू किया जा रहा है। कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए सभी को काम करना है।
गौर हो कि कोरोना संक्रमण महामारी फैलने के बाद बीती 23 मार्च को आदेश जारी होने के बाद उक्त न्यायालयों में 31 मार्च तक कामकाज बंद करा दिया गया था। इसके बाद लॉकडाउन बढ़ने पर न्यायालय बंद रहे। अब हाईकोर्ट सहित अन्य न्यायालयों में कामकाज शुरू होने के बाद इन राजस्व न्यायालयों में कामकाज शुरू कराया गया है। इस संबंध में बीती 31 मई को नए दिशानिर्देश आने के बाद राजस्व न्यायालयों को खोला जाना तय हुआ है।