शासन एवं प्रशासन का जोर इस समय चल रही गेहूं खरीद को पारदर्शी बनाने पर है। लेकिन उसके ही नुमाइंदे इन कोशिशों को पलीता लगाने में जुटे हैं। ऐसा ही कुछ अतरौली के गांव नहल में बने नहल साधन सहकारी समिति नहल में बने गेहूं क्रय केंद्र पर देखने को मिला। जांच के लिए पहुंचे अपर जिला सहकारी अधिकारी को केंद्र प्रभारी नदारद मिले। उनके स्थान पर उनका पुत्र केंद्र का संचालन करते मिला। जांच में एफसीआई से आई 12 गांठें यानि कि छह हजार बोरे मिले। जबकि कागजों में इनकी संख्या 20 गांठे यानि कि दस हजार बोरे दर्ज मिली। कागजों से अधिक गेहूं खरीद भी मिली। इस मामले में केंकद्र प्रभारी के खिलाफ अतरौली थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी अजय विक्रम सिंह ने बताया कि एसडीएम अतरौली एवं जिला प्रबंधक पीसीएफ की मौजूदगी में हुए निरीक्षण में क्रय केंद्र सचिव व प्रभारी ग्राम जखैरा अतरौली निवासी कंछी सिंह के बजाय उनका पुत्र अर्जुन सिंह पुत्र कंछी मिला। जांच में क्रय केंद्र पर 12 गांठे यानि कि छह हजार बोरे मिले। जबकि पीसीएफ से मिले साक्ष्य के अनुसार क्रय केंद्र को 20 गांठें यानि कि दस हजार बोरे दिये गए हैं।
लेबर पूरन सिंह पुत्र प्यारेलाल निवासी गांव काजिमाबाद ने बताया कि लेबर ने कुल 370 बोरों को पांच गाड़ियों में एफसीआई भेजा गया है। यानि कि कुल 1850 बोरे अर्थात 925 क्विंटल गेहूं एफसीआई भेजा गया है। पीसीएफ के आंकड़ों के अनुसार 1915 क्विंटल गेहूं एफसीआई को भेजा गया है। इससे स्पष्ट है कि बोरे केंद्र से अलग कही उतारकर उनमें कालाबाजारी के माध्यम से खरीद हो रही है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान प्रभारी बार बार कहने के बावजूद नहीं आए और उनका पुत्र भी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। प्रभारी के खिलाफ अपर जिला सहकारी अधिकारी ने एफआईआर दर्ज करायी है।
टप्पल में दो दिन से खरीद न होने पर लगाई फटकार
खैर के गेहूं क्रय केंद्रों के निरीक्षण के दौरान एसएफसी केंद्र टप्पल में दो दिनों से गेहूं खरीद न होने से नाराज तहसीलदार खैर प्रवीण यादव ने केंद्र प्रभारी ब्रजेश कुमार को कड़ी फटकार लगाई है। उन्हें कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि प्रतिदिन 500 क्विंटल खरीद मानकों को पूरा करें। एसडीएम इगलास ने भी निरीक्षण कर 24 घंटे में गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधाओं का ख्याल रखें।
गेहूं क्रय केंद्र लोधा बंद, नेफेड के छह सेंटर खुले
खाद्य विभाग में स्टाफ की कमी के चलते गेहूं क्रय केंद्र लोधा को बंद कर दिया गया है। डीएम ने इसके आदेश जारी कर दिये हैं। इधर अपर आयुक्त खाद्य एवं रसद विभाग से हुई वार्ता के बाद डीएम ने नैफेड संस्था के छह नए क्रय केंद्र अनुमोदित किये हैं। इनमें ग्राम करहला, गांव कलियानपुर भगीरथपुर, गोवली, जिरौली, बहादुरपुर रहचोई, पालीमुकीमपुर के केंद्र शामिल हैं।
अवैध वसूली की समस्याएं दूर करने को कंट्रोल रूम चालू
गेहूं क्रय केंद्रों पर पहुंच रहे किसानों से अवैध वसूली और अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर चार फोन नंबरों का एक कंट्रोल रूम बना दिया गया है। ये नंबर डीएम वार रूम से जुड़े हैं, ताकि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई हो और संबंधित शिकायतकर्ता किसानों को इसका फायदा मिलेे। मंगलवार को गेहूं खरीद को लेकर एफ सीआई व पीसीएफ के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में अब तक की खरीद की समीक्षा हुई। डीएम ने कहा कि किसी भी गेहूं खरीद केंद्र पर यदि कोई भी गड़बड़ी हुई तो सीधे एफ आईआर होगी। इसीलिए नियमानुसार क्रय करें और किसानों से किसी तरह की अवैध वसूली न हो।
गेहूं खरीद कंट्रोल रूम के नंबर
बेसिक फोन नंबर 0571-2420100
बेसिक फोन नंबर 0571-2420101
मोबाइल नंबर -9457296582
मोबाइल नंबर -6397769433