होली पर बाजार ग्राहकों से गुलजार है। स्कूल-कालेजों में होली खेली जा रही है। गली-मोहल्लों में भी उल्लास बिखरने लगा है। बाजार में रंग-बिरंगी पिचकारियां लोगों को लुभा रही हैं। बच्चों को म्यूजिकल गन पिचकारियां खूब पसंद आ रही हैं। ये पिचकारी रंग छोड़ने साथ ही होली के गाने भी सुनाती है। इसके अलावा स्टार्च गुलाल, जैविक गुलाल के गिफ्ट पैक भी हाथोंहाथ बिक रहे हैं।
सात मार्च को होली और आठ मार्च को धूल है। बाजार में रंग-गुलाल, गुब्बारे, टोपी, स्प्रे कलर, कलर बम समेत तमाम उत्पादों की भरमार है। त्योहार पर बच्चों में सबसे अच्छी पिचकारी से होली खेलने की होड़ रहती है। इस बार बाजार में आई है म्यूजिकल गन पिचकारी। म्यूजिकल गन पिचकारी बच्चों को काफी आकर्षित कर रही हैं। पिचकारी का ट्रिगर दबाने पर पानी तो निकलेगा ही, साथ ही होली के गाने भी बजेंगे। थोक बाजार में इसकी कीमत 180 रुपये से शुरू होकर 250 रुपये तक है। वहीं फुटकर बाजार में यह पिचकारी 300 रुपये से लेकर 600 रुपये तक बिक रही है। इसके अलावा कॉक के टैंक और पिचकारी भी बच्चों को काफी पसंद आ रही हैं।
होली पर बाजार में म्यूजिकल गन पिचकारी की काफी मांग है। थोक बाजार में 180 रुपये से शुरू है। बच्चे इसे काफी पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा कार्टून, टैंक पिचकारी में भी काफी डिमांड में हैं।
-सोमांक वार्ष्णेय आरएलवी, थोक कारोबारी
युवाओं की पसंद जैविक और स्टार्च गुलाल
होली पर युवा पक्के रंगों से परहेज कर जैविक गुलाल को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं स्टार्च और आइसक्रीम गुलाल भी खूब बिक रहा है। क्योंकि जैविक होने के साथ ही इनकी खुशबू काफी अच्छी है। बाजार में इनके गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। जो 100 रुपये से शुरू होकर 350 तक के हैं।
सभी को भा रहा गुलाल सिलिंडर
बाजार में कई तरह के गुलाल सिलिंडर उपलब्ध हैं, जो सभी को भा रहे हैं। हालांकि वजनदार होने की वजह से बच्चे इनका प्रयोग नहीं कर सकते। बाजार में दो किलो, चार किलो, छह किलो तक के गुलाल सिलिंडर मिल रहे हैं। जिनकी कीमत 600 रुपये शुरू होकर 900 रुपये तक हैं।