कालरा स्पोर्ट्स हाउस के मालिक सुभाष कालरा की पत्नी अनीता कालरा हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने शुक्रवार को कर दिया। 20 दिन पहले दुकान पर अंडरवियर चोरी करते हुए पकडे़ नौकर हाथीडूबा निवासी तारिक को नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद तारिक ने ही अपने तीन अन्य साथियों के साथ हत्या और लूट की घटना की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी तारिक सहित अन्य तीन को जवाहर पार्क से गिरफ्तार कर लिया। तारिक ने वारदात को कबूल किया है। साथ ही पुलिस ने तारिक से लूटी गई एक लाख रुपये की ज्वैलरी और कैश भी बरामद किया है। एसएसपी जे रविंद्र गौड़ ने हत्याकांड का खुलासा करने में लगी टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। सिविल लाइंस के हरिओम नगर स्थित 3/389ए निवासी सुभाष कालरा की पत्नी अनीता कालरा की 4 अप्रैल को दिन दहाड़े घर में घुसकर बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।
एसएसपी जे रविंद्र गौड़ ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के लिए एसपी सिटी अंशुल गुप्ता, सीओ तृतीय, थाना सिविल लाइन प्रभारी सूर्यकांत द्विेदी सहित क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया था। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि अनीता कालरा की हत्या करने वाले लुटेरे जवाहर पार्क (नकवी पार्क) में अमरूद के बाग में बैठे हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर चारों हत्यारों और लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण और 14 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।