फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हेल्पर की हत्या कर ट्रक पर लदा माल लूटा

विज्ञापन
ट्रक हेल्पर दौलतराम का फाइल फोटो। - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
थाना बन्नादेवी के बरौला क्षेत्र में हेल्पर की हत्या के बाद 10 लाख रुपये की लोहे की शीट लदा ट्रक को लूटने का मामला सामने आया है। बदमाश ट्रक को लूट कर मथुरा ले गए। हेल्पर का शव भी मथुरा में बरामद हुआ है। हेल्पर की गोली मारकर व गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने खाली ट्रक को बरामद कर लिया है। इसकी सूचना के बाद बन्नादेवी पुलिस मथुरा के लिए रवाना हो गई है।
विज्ञापन

थाना बन्नादेवी के प्रभारी इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र के सारसौल के मोहल्ला संगम विहार में रहने वाले सुरेंद्र कुमार पुत्र चरण सिंह अपना ट्रक चलाते हैं। ट्रक पर उनके साथ थाना पाली मुकीमपुर के गांव तोछी के दौलतराम उर्फ कुलदीप हेल्पर था। 15 जनवरी की दोपहर सुरेंद्र कुमार गाजियाबाद से 10 लाख रुपये की लोहे की शीट ट्रक में लादकर अलीगढ़ आए थे। यह लोहा तालानगरी स्थित एक फैक्टरी में पहुंचना था। शाम 8 बजे तक ट्रक बरौला क्षेत्र में आ गया था। इसके बाद सुरेंद्र ने तय किया कि ट्रक को अगले दिन सुबह तालानगरी स्थित फैक्टरी में अनलोड करा देंगे।
ट्रक खड़ा कर सुरेंद्र कुमार अपने संगम विहार स्थित घर चले आए और हेल्पर दौलत राम उर्फ कुलदीप ट्रक पर ही सो गया। सुबह जब सुरेंद्र कुमार, जहां ट्रक खड़ा था वहां पर पहुंचे तो पाया कि माल सहित ट्रक गायब है। ट्रक व दौलत राम की तलाश की गई। लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चला। 17 जनवरी को सुरेंद्र कुमार ने थाना बन्नादेवी में दौलत राम उर्फ कुलदीप के खिलाफ धारा 406 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया।
विज्ञापन

यह मान लिया गया कि हेल्पर ट्रक पर लदा माल लेकर भाग गया है। पुलिस इसी दिशा में काम कर रही थी। वह दौलतराम उर्फ कुलदीप की तलाश में लगी हुई थी। 18 जनवरी को मथुरा के थाना छाता क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव की शिनाख्त थाना पाली मुकीमपुर के गांव तोछी के रहने वाले दौलतराम उर्फ कुलदीप के रूप में हुई।
जांच में पता चला है कि दौलतराम उर्फ कुलदीप की गोली मारकर और अंगोछे से गला घोट कर हत्या की गई थी। बाद में मथुरा के नौहझील के पास खाली ट्रक बरामद कर लिया गया। मथुरा पुलिस ने यह सूचना थाना बन्नादेवी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन ने बताया कि दौलतराम उर्फ कुलदीप की गोली मारकर और गला घोंट कर हत्या की गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। इस प्रकरण में उच्चाधिकारियों के जो भी निर्देश होंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें