पकड़े गए हत्यरोपीयों के बारे में खुलासा करते एसपी ग्रामीण अतुल शर्मा।
- फोटो : CITY OFFICE
मडराक क्षेत्र के गांव आसना अजीतपुर से दस दिन से लापता 11वीं की छात्रा की उसके विवाहित युवक ने दोस्त संग मिलकर हत्या कर दी और शव गांव के पास ही खारिज कुएं में फेंक दिया था। युवती के परिवार के शक पर हरकत में आई पुलिस ने सोमवार को आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा करते हुए निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है। साथ में युवती का मोबाइल भी प्रेमी ने बरामद कराया है। दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशी के बाद जेल भेज दिया गया।
एसपी देहात अतुल शर्मा ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता में बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव की 22 वर्षीय युवती 27 दिसंबर की शाम जंगल शौच को गई थी। इसके बाद से वह गायब थी। इसकी गुमशुदगी 29 दिसंबर को पिता के द्वारा थाने में दर्ज कराई गई थी। तभी से पुलिस व परिजन लगातार युवती को तलाश रहे थे। पुलिस के अनुसार युवती चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और 11वीं की पढ़ाई प्राइवेट कर रही थी। पिता व पुलिस को जांच में यह खबर लगी कि युवती पड़ोसी गांव खेड़िया ख्वाजा बुद्धा के अमित लोधी से फोन पर बात करती थी।
रविवार को यह जानकारी मिलने पर तड़के अमित और उसी के गांव के उसके दोस्त बौबी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अमित ने स्वीकारा कि उसके चार साल से युवती से प्रेम संबंध थे और वह फोन पर बात करता था। खेतों में काम करने आने के दौरान उसकी मुलाकात शुरू हुई थी। चूंकि, अमित पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। इसलिए युवती उससे सिर्फ बातचीत तक सीमित थी। मगर, अमित उससे शादी करना चाहता था। इधर, युवती की शादी उसके परिवार ने तय कर दी थी और फरवरी में शादी की तैयारी थी। यह जानकारी जब अमित को हुई तो उसने घटना वाली शाम युवती को खेत पर मिलने बुलाया और वहीं उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। लेकिन युवती ने इनकार कर दिया। इसी बात पर गुस्से में आए अमित ने बौबी की मदद से सपना की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को वहीं पास के खारिज कुएं में फेंक दिया।
मोबाइल सर्विलांस, डिटेल और लोकेशन से साक्ष्य मजबूत होने और मोबाइल बरामद होने के साथ-साथ आरोपियों ने शव भी बरामद करा दिया। एसपी देहात ने बताया कि इस खुलासे में इंस्पेक्टर सुरेंद्र चंद्र व आसना चौकी प्रभारी रजत शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।