होली पर चाक-चौबंद व्यवस्था के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। नगर आयुक्त ने पेयजल आपूर्ति, सफाई, पथ प्रकाश व आवारा पशुओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपर नगर आयुक्त को नोडल अफसर नामित किया गया है। साथ ही होलिका दहन, होली व शब-ए-बरात को लेकर कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया है।
नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि होली के मद्देनजर महानगर में 04 सेक्टर बनाए गए हैं। इन सेक्टरों में व्यवस्थाओं के लिए एक सह जोनल, एक जोनल, एक नोडल तथा एक सुपर नोडल अधिकारी, 545 सामान्य कर्मचारियों व 2000 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इनके अलावा, 25 ड्राइवर, चार जेसीबी, आठ फॉगिंग मशीन, तीन कैटल कैचर, छह बॉबकट वाहन, चार स्काई लिफ्ट, चार सीवर जैटिंग मशीन सहित 80 त्वरित एक्शन टीमें बनाई हैं। उन्होंने बताया कि होलिका दहन, शब-ए-बरात व होली के दिन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम कंट्रोल रूम 7500441344 को 24 घंटे सक्रिय कर दिया गया है।
ये रहेंगे इंतजाम
पेयजल
नगर आयुक्त ने बताया कि होलिका दहन के दिन मुख्य बाजारों जयगंज, अचल ताल, रेलवे रोड, महावीर गंज, फूल चौराहा, बड़ा बाजार, सासनीगेट रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, कनवरी गंज आदि जगहों के दुकानदारों द्वारा दोपहर में टेसू और फूलों से रंग बनाकर होली खेली जाती है। यहां पर पानी की व्यवस्था के अलावा होली के दिन पेयजल की निरंतर आपूर्ति की जिम्मेदारी महाप्रबध्ंाक (जल) अनवर ख्वाजा को सौंपी गई है।
सफाई व्यवस्था
महानगर में होलिका दहन स्थल, प्रमुख बाजारों, चौराहों पर सफाई के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शिव कुमार (9411869456) को दायित्व सौंपा गया है।
पेयजल आपूर्ति
होली पर प्रात: 6 बजे से 8 बजे तक तथा दोपहर में 12 से 1.30 बजे तक पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। विद्युत आपूर्ति में बाधा होने की स्थिति में टैंकर मंगवाने के लिए महाप्रबंधक जल अनवर ख्वाजा (9105053405) से संपर्क किया जा सकता है।
पथ प्रकाश व्यवस्था
होली पर पथ प्रकाश बिंदुओं को पूर्ण रूप से सुचारु रखने के लिए सहायक नगर आयुक्त राज बहादुर सिंह (8077098653) को दायित्व सौंपा गया है।
निर्माण व्यवस्था
होलिका स्थल, चौराहों व धार्मिक स्थलों के आसपास क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व गड्ढा भरने के लिए अधिशासी अभियंता, निर्माण अशोक कुमार भाटी (9105053414) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आवारा पशुओं पर प्रतिबंध
होली पर आवारा पशुओं का विचरण प्रतिबंधित कर दिया गया है। सिविल लाइन व शहरी क्षेत्र में आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए जोनल सफाई अधिकारी महेन्द्र सिंह (9105053419) के नेतृत्व में 2-2 कैटल कैचर, 25 कर्मचारियों की चार टीमें आवारा पशुओं को पकड़कर जुर्माना वसूलेगी।