महानगर के जयगंज इलाके के नामचीन हार्डवेयर कारोबारी चंद्रशेखर शर्मा को खुद को बेटे भाजयुमो महानगर उपाध्यक्ष सौरभ शर्मा की हत्या के मुकदमे में मंगलवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। चंद्रशेखर शर्मा को पुलिस ने रविवार रात हत्या के बाद ही हिरासत में ले लिया गया था। सोमवार को दिन भर पूछताछ के बाद मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया। इधर, इस मामले में अन्य नामजद आरोपियों को पुलिस सरगर्मी से तलाश रही है। वहीं एक व्यक्ति को अभी हिरासत में ले रखा है।
बता दें कि मृत सौरभ शर्मा पूर्व एमएलसी व भाजपा नेता मुकुल उपाध्याय के सगे साढ़ू थे।
जयगंज निवासी मुकुल उपाध्याय के साढ़ू सौरभ शर्मा की रविवार रात घर के पास ही हत्या कार दी गई थी। इस मामले में सौरभ की पत्नी लिली शर्मा की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में सौरभ के सगे भाई अभिषेक, असीम के अलावा पिता चंद्रशेखर शर्मा, रिश्ते के चाचा दुष्यंत सहित एक अन्य को नामजद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने चंद्रशेखर को जेल भेज दिया है। इंस्पेक्टर सासनी गेट अनूप कुमार भारतीय के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।