शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार मामले में फंसे एएमयू छात्र संघ के उपाध्यक्ष मो. नदीम अंसारी ने इंतजामिया के कारण बताओ नोटिस का जवाब दे दिया है। उनका कहना है कि उन्हें टारगेट कर फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
उपाध्यक्ष नदीम अंसारी का कहना है कि उन्होंने इंटरनेशनल स्टडीज के डॉ. सलमान अब्बास के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया। उन्हें गलत तरीके से फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषी के खिलाफ अवश्य कार्रवाई होनी चाहिए।
नदीम अंसारी ने बताया कि उन्होंने कारण बताओ नोटिस का जवाब रविवार को भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि एएमयू शिक्षक डॉ. सलमान अब्बास द्वारा छात्र संघ उपाध्यक्ष नदीम अंसारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इसको लेकर एग्जीक्यूटिव काउंसिल की विशेष बैैैठक आयोजित की गई। ईसी के सुझाव पर उपाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस मामले की जांच प्रो. इकबाल परवेज की अध्यक्षता में कराने का भी निर्णय लिया गया है।
डॉ. अब्बास को नहीं दी मारने की धमकी
अलीगढ़। बीए फारेन लांग्वेज के थर्ड सेमेस्टर के छात्र बिलाल जफर खान का कहना है कि उन्होंने या छात्र संघ उपाध्यक्ष ने जबरन दरवाजे बंद कर डॉ. सलमान अब्बास को मारने की धमकी नहीं दी। बता दें कि बिलाल जफर खान के मामले को लेकर ही उपाध्यक्ष नदीम अंसारी फारेन लांग्वेज विभाग के शिक्षक डॉ. सलमान अब्बास से मिलने गए थे और उसके बाद उन पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा।
बिलाल का कहना है कि वह कई बार डॉ. सलमान के पास एग्जामिनेशन फार्म साइन कराने के लिए गए, लेकिन उन्होंने नहीं किया। परेशान होकर वह यूनियन के पास मदद के लिए गए। बिलाल का कहना है कि डॉ. सलमान अब्बास ने आरोप लगाया है कि हम लोगों ने जबरन दरवाजा बंद कर मारने की धमकी दी। उनका आरोप पूरी तरह गलत है। हमलोग शिक्षकों को आदर की दृष्टि से देखते हैं। उन्होंने कहा कि मौके पर छात्र संघ के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। किसी ने शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया।