1- एफएम तिराहे से जमालपुर की तरफ आने वाले वाहन जमालपुर की ओर प्रतिबंधित रहेंगे। यह वाहन महेशपुर तिराहा एवं एफएम तिराहा से बाईपास होकर जाएंगे।
2- पुरानी चुंगी जमालपुर से शमशाद चौराहे की ओर आने वाले वाहन एएमयू के अंदर होकर जाएंगे।
3- तस्वीर महल, कलेक्ट्रेट से शमशाद चौराहे की ओर जाने वाले वाहन ठंडी सड़क, एएमयू सर्किल होकर जाएंगे।
4- तस्वीर महल चौराहा से जेल पुल के नीचे होकर शमशाद चौराहे की ओर जाने वाले वाहन तस्वीर महल चौराहे से प्रतिबंधित रहेंगे। यह वाहन तस्वीर महल चौराहे से डायवर्ट होकर जा सकेंगे।
5- तहसील तिराहे से डी-विश्वास, जेल पुल, तस्वीर महल चौराहे की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यह वाहन तहसील तिराहा से ही डायवर्ट होकर जाएंगे।
6- तस्वीर महल चौराहे से जेल पुल, डी-विश्वास तिराहा, तहसील तिराहा की तरफ वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यह वाहन तस्वीर महल चौराहे से डायवर्ट होकर जाएंगे।
7- एएमयू से आने वाला जुलूस जब डी-विश्वास तिराहे पर आएगा उस समय सारसौल चौराहा एवं रसलगंज चौराहा से तहसील तिराहे की तरफ वाहनों को प्रतिबंधित किया जाएगा। रसलगंज चौराहा, सारसौल चौराहा से यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
8- देहलीगेट चौराहा से गूलर रोड की तरफ एवं शहंशाह, ब्लू वर्ड तिराहे से गूलर रोड की तरफ वाहनों को आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
9- बन्नादेवी तिराहा से गूलर रोड की ओर समस्त प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
10- मसूदाबाद चौराहे से होली चौक गूलर रोड की तरफ समस्त प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
11- नादा पुल से देहलीगेट की ओर सभी प्रकार के भारी एवं हल्के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यह वाहन नादा पुल से डायवर्ट होकर जा सकेंगे।
भारी वाहनों का डायवर्जन
सारसौल चौराहा, सासनी गेट चौराहा, एटा चुंगी की ओर से आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन, रोडवेज, निजी व महानगर बस सेवा की बसें व व्यावसायिक वाहन शहर में प्रतिबंधित होंगे। वे बाईपास से ही गुजरेंगे।
मुहर्रम पर निकलने वाले जुलूस के लिए नगर निगम ने जुलूस मार्ग पर सड़कों के गड्ढे भर दिए। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था के लिए चार मोबाइल पंप सेट और 3 सकिंग मशीनें भी तैनात की गई हैं। ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए नगर निगम ने कर्बला में गड्ढा भी खुदवा दिया है।
बारिश के कारण जुलूस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। उनकी मरम्मत कर दी गई है। उमस भरी गर्मी से निजात दिलाने के लिए जुलूस के साथ एंटी-स्मॉक गन को वॉटर स्प्रिंकलर के लिए लगाया गया है। जुलूस के आगे पानी के छिड़काव के लिए तीन टैंकर और कचरा उठाने के लिए आठ टाटा टेंपो भी तैनात किए गए हैं।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने शनिवार शाम को कर्बला पहुंचकर मुहर्रम जुलूस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्बला समिति और स्थानीय पार्षद को बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि जुलूस को सकुशल और व्यवस्थित तरीके से बेहतर इंतजामों के साथ संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए ईदगाह कर्बला क्षेत्र में चार मोबाइल पंप सेट और तीन सकिंग मशीनें भी तैनात की गई हैं।
इमाम हुसैन का पैगाम पूरी मानवता के लिए
परचम पार्टी ऑफ इंडिया के महासचिव व प्रवक्ता नाजिम इलाही ने कहा कि कर्बला जुल्म के खिलाफ इंसाफ और इंसानियत की सबसे बड़ी मिसाल है। इमाम हुसैन अ.स. का पैगाम किसी मजहब तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए है। आज जरूरत है कि हम उनके उसूलों को अपनाकर अन्याय, उग्रवाद और नफरत का मुकाबला करें।