महानगर के रामघाट रोड इलाके में पीएसी से सटी राज एन्कलेव कॉलोनी में तीन सितंबर को दिनदहाड़े मां को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारने वाले हत्या के आरोपी सोनू उर्फ सौरभ को क्वार्सी पुलिस ने शुक्रवार देवसैनी बंबा से दबोचा लिया। पूछताछ में उसने बताया कि प्रॉपटी से बेदखल किए जाने से वह पहले से ही परेशान था। घटना से एक दिन पहले मां ने बीवी से भी झगड़ा कर दिया था। इस बात से वह खफा था और गुस्से में मां को मौत के घाट उतार दिया। शनिवार को आरोपी को जेल में दाखिल किया गया।
इंस्पेक्टर क्वार्सी विनोद कुमार के अनुसार आरोपी सोनू उर्फ सौरभ पुत्र गौतम सिंह निवासी एन्कलेव कॉलोनी, क्वार्सी ने पुलिस बताया कि वह हत्या करने के बाद हाथरस के सिकं दराराऊ थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में नौकरी करने लगा था।
सोनू के मुताबिक वह अलीगढ़ में अपने एक परिचित से मिलने आया था। बता दें कि मूलरूप से डिबाई, बुलंदशहर के रहने वाले गौतम सिंह का यहां तालानगरी में खाद्य तेल का कारोबार है। तीन सितंबर को सोनू ने घर में पिता और छोटे भाई लक्की के न होने पर अपनी मां मालती देवी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। हत्या कर वह फरार हो गया था। इस मामले में गौतम सिंह ने बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।