गांव में शव अाने पर िवलाप करते परिजन।
- फोटो : Amar Ujala
दादों थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरा में शुक्रवार शाम खेताें में चारा काटते समय एक किसान के ऊपर एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आए बेटे को बचाने में उसकी मां भी तार से चिपक गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से मृतकों के परिवार समेत गांव में कोहराम मच गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की लेकिन गांव वालों ने बड़े अधिकारियों के मौके पर आने की मांग करते हुए शवों को नहीं उठने दिया। बाद में कोतवाल के काफी समझाने पर देर शाम शवों को उठाया जा सका।
मुजफ्फरा गांव निवासी भगवान देवी (60) पत्नी कालीचरन अपने बेटे पप्पू उर्फ बड्डे (40) के साथ शुक्रवार की शाम करीब चार बजे पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर गई थीं। दोनों खेत पर चारा काट रहे थे, तभी खेतों के ऊपर से निकली 11 केवी की लाइन पर चिड़ियां आकर बैठ गईं। उनके बैठते ही तारों में फाल्ट हुआ और चिंगारी छोड़ते हुए तार टूटकर पप्पू के ऊपर जा गिरा। बेटे को तार के करंट में चिपका देखकर भगवान देवी ने बचाने की कोशिश की तो वह भी करंट की चपेट में आ गईं। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
जैसे ही यह खबर गांव पहुंची तो परिजनों के साथ पूरा गांव मौके की ओर दौड़ पड़ा। सूचना पर गांव में पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों के साथ ही ग्रामीणों का कहना था कि जब तक कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं आता, वह शव को नहीं उठने देंगे। ग्रामीणों की भीड़ को देखते हुए अन्य थानों की फोर्स भी मौके पर बुला ली गई। बाद में कोतवाल के बहुत समझाने पर करीब सवा सात बजे शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर ग्रामीण राजी हुए।