किसान यात्रा लेकर निकले कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निशाने पर पीएम मोदी के साथ-साथ सपा व बसपा भी रहीं। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार का हर वादा झूठा है। संसद में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती मोदी सरकार के खिलाफ कुछ भी नहीं बोलते हैं, क्योंकि दोनों को सीबीआई का खौफ सताता है।
वह शुक्रवार को इगलास के महेंद्र पार्क में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने विदेशों से काला धन वापस लाकर हर भारतीय के बैंक खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि स्विटजरलैंड, जर्मनी और अमेरिका से काला धन वापस देश में लाया जाएगा।
उन्होंने सवाल किया कि क्या यहां किसी के खाते में 15 लाख रुपये आए..? जवाब मिला नहीं..। राहुल ने कहा कि हमारी यूपीए सरकार ने किसानों का सत्तर हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था, इसलिए हम किसानों के हित में हर जगह इसको बताते थे। भाजपा सरकार ने देश के महज पंद्रह उद्योगपतियों का एक लाख दस हजार करोड़ रुपये का कर्जा माफ कर दिया है।
इस कर्ज माफी का भाजपा का कोई भी नेता कहीं भी बखान तक नहीं करता क्योंकि ये केवल उद्योगपतियों का कर्जा था। सत्ताइस साल यूपी बेहाल यात्रा देवरिया से दिल्ली तक इसीलिए निकाली गई है कि मोदी सरकार पर दबाव बने और किसानों का भी इतनी ही रकम का कर्जा माफ किया जाए। हम किसानों का क र्जा माफ करा कर रहेंगे।
मोदी सरकार ने दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था क्या यहां पर किसी को रोजगार मिला है..? जवाब मिला नहीं..। हिंदुस्तान को साफ करने की बात कही गई क्या सफाई हुई..? जवाब मिला नहीं..। राहुल ने कहा कि स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार किसानों को बीज, खाद और फसल की लागत से पचास फीसदी ज्यादा का भुगतान होना चाहिए। क्या मोदी सरकार ने इस रिपोर्ट की सिफारिशों को माना।
राहुल गांधी ने बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल पहले बसपा सरकार थी। उसका हाथी सब कुछ खा जाता था। हाथी पैसा खाने के बाद अपनी मालकिन को दे देता था। फिर सरकार बदली। साइकिल पर एक युवा सवार हुआ।
किसान परेशान रहा। विकास नहीं हुआ। सीएम और मुलायम सिंह के बीच मंत्रियों को भ्रष्टाचारी बताने और हटाने का खेल हुआ। जो भ्रष्ट मंत्री हटाया जाता चार दिन बाद उसे ही मंत्री बना दिया जाता है। ये कैसी सरकार है..? उन्होंने कहा कि कांग्रेस इकलौती पार्टी है जो संसद में मोदी, और आरएसएस से लड़ती है। बोले संसद में मुलायम सिंह मुझसे पांच फुट दूरी पर बैठते हैं लेकिन मोदी सरकार और आरएसएस के खिलाफ कुछ नहीं बोलते क्योंकि मुलायम सिंह और मायावती को सीबीआई से डर लगता है ।
सत्ताइस साल से यूपी में कुछ नहीं हुआ है। कांग्रेस सरकार आई तो यूपी को स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा। यूपी विकास के रास्ते पर चलेगा। राहुल ने यहीं से अपना भाषण समाप्त करते हुए जनता का अभिवादन किया और मंच से उतर कर अपनी बस में सवार हो गए।