नगर निकाय चुनाव की तैयारियां आगे बढ़ रही हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा चुनाव में महापौर समेत कुल 18 चेयरमैन के लिए मत डाले जाएंगे। इसके लिए 329 वार्डों में मतदान होना है। जिलाधिकारी ने नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त टीपी सिंह को आरक्षण से संबंधित आपत्तियों का शीघ्र निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि आदर्श चुनाव आचार संहिता शिकायत प्रकोष्ठ एवं निर्वाचन नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जा रही है। मतदान, मतगणना कार्मिक, जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्ट्रैटिक मजिस्ट्रेट, माइक्रो प्रेक्षक की नियुक्ति और ईवीएम मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति, प्रशिक्षण व्यवस्था, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति एवं भ्रमण कराना और भ्रमण के उपरांत मूलभूत सुविधाओं की रिपोर्ट प्राप्त कर ली गई है।
इस दौरान मिली कमियों को संबंधित विभाग के स्तर से सही करने के निर्देश दिए गए। ईवीएम- मतपत्र व्यवस्था, मतपेटी व्यवस्था, यातायात (वाहन एवं ईधन) व्यवस्था, निर्वाचन लेखन सामग्री, टेंट, फर्नीचर, बैरिकेडिंग, विद्युत, साउंड, वीडियोग्राफी, डिजिटल कैमरा, वेबकास्टिंग, उड़नदस्ता टीमों का गठन करने की जानकारी दी गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त अमित कुमार भट्ट, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डीपी पाल, सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर, उप जिलाधिकारी कोल संजीव ओझा, सहायक नगर आयुक्त पूजा श्रीवास्तव, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, उप कृषि निदेशक यशराज सिंह, जिला कृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक मनोरमा ठाकुर, चकबंदी अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, आरटीओ हरिशंकर सिंह, अपर अर्थ एवं संख्या अधिकारी अब्दुल माजिद, प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण प्रसाद आदि मौजूद रहे।