नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड की कॉपी चेक करने के दौरान मोबाइल चलाती शिक्षका।
- फोटो : samvad
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शासन ने कड़े नियम बनाए हैं, लेकिन अलीगढ़ के नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर इन नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। केंद्र पर मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद परीक्षक धड़ल्ले से फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं।
शनिवार को मूल्यांकन के दौरान एक महिला परीक्षक को मोबाइल फोन का उपयोग करते देखा गया। वहीं, एक अन्य परीक्षक के पास दो-दो मोबाइल फोन पाए गए। नियमानुसार, यदि कोई परीक्षक केंद्र पर मोबाइल लेकर आता भी है। तो उसे कक्ष में प्रवेश से पूर्व उप मुख्य परीक्षक के पास जमा कराना अनिवार्य होता है। शिक्षकों की इस लापरवाही ने मूल्यांकन की गोपनीयता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मूल्यांकन के दौरान किसी भी परिस्थिति में मोबाइल रखने की अनुमति नहीं है। डीआईओएस ने मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश देते हुए चेतावनी दी है कि दोषी पाए जाने वाले परीक्षकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. पूरन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक