अलीगढ़। प्रमुख सचिव लोनिवि एवं नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण ने शुक्रवार को बैठक कर विकास कार्य, कोरोना से बचाव की समीक्षा बैठक की। यहां सांसद ने व्यवस्थाओं पर सरकार और प्रशासन की सराहना की तो विधायक एक के बाद एक शिकायतें करते रहे। कारण ये कि अभी चार साल तक सांसद का चुनाव नहीं होना और विधायकों को एक साल बाद ही परीक्षा देनी है।
जिले के सातों विधायकों ने नोडल अधिकारी के सामने विभागीय मनमानी, जनता को परेशान करने की समस्याएं उठाईं। प्रमुख सचिव ने शुक्रवार शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 से बचाव, संचारी रोग नियंत्रण, बाढ़ की रोकथाम की तैयारियों, स्वच्छता, पेयजल एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। यहां डीएम चंद्र भूषण सिंह ने बताया कि शासन द्वारा 31 जुलाई तक चलाए गए संचारी रोग नियंत्रण अभियान की सफलता के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। कोविड संक्रमण काल में अब तक 19600 नमूना परीक्षण कराये गये हैं। यहां मौजूद सांसद सतीश गौतम ने कहा कि जनपद में सब कुछ बहुत बेहतर चल रहा है।
इसके बाद विधायक संजीव राजा ने ने शहरी दलित क्षेत्र में 19 ट्यूबबेल में बिजली कनेक्शन नहीं हाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में दलित आबादी के 15 वार्ड पानी की समस्या से ग्रस्त हैं। विधायक ठा. दलवीर सिंह ने कहा कि जलकल विभाग का प्रबंधन बेकार है, एक ही जगह की 2-3 बार खुदाई की जा रही है। विधायक छर्रा ठा. रवेंद्रपाल सिंह ने छर्रा एवं गंगीरी में खराब ट्रांसफार्मर की समस्या उठाई। विधायक कोल अनिल पाराशर ने समुचित स्टाफ होने के बाद भी सरकारी अस्पतालों से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की समस्या उठाई। कुल मिला कर सत्तारुढ़ विधायक ही समस्याओं से जुझते हुए दिखे, जिन्हें लगभग एक वर्ष वाद ही जनता के सामने वोट मांगने जाना है। बाकी सबने प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ठीक बताया।
प्रमुख सचिव का आज का भ्रमण
-सुबह 10 से 11 बजे तक एल1 अतरौली अस्पताल का निरीक्षण।
-सुबह 11 बजे से 12 बजे तक नगर पालिका अतरौली के 2 वार्ड का निरीक्षण।
-दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अतरौली की 2 ग्राम पंचायत गांव खेड़ा व ककेथल का निरीक्षण।
-शाम 5 बजे से नगर निगम के 2 वार्डों का निरीक्षण व रात्रि भ्रमण।