पिछले चार दिनों से लापता अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के बीए तृतीय वर्ष के छात्र अशरफ अली के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन को कुछ नए तथ्यों का पता लगा है। जिसके बाद अब तलाश की दिशा उन्हीं बिंदुओं की तरफ की गई है।
एएमयू के प्रॉक्टर प्रो. वसीम अली ने बताया कि मूलरूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला अशरफ अली मंगलवार से लापता है। जानकारी करने के क्रम में उसके कुछ साथियों ने यह बताया है कि अशरफ अली की दिल्ली की एक लड़की से काफी देर तक व्हाट्सएप पर कॉल होती थी। इस तथ्य के सामने आने के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस को सारे तथ्य दिए गए हैं। थाना सिविल लाइन पुलिस अशरफ अली के मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप की डिटेल हासिल कर रही है। पता लगाया जा रहा है कई लड़की कौन है और इसकी इस मामले में क्या भूमिका हो सकती है। क्योंकि मंगलवार को लापता होने के बाद बुधवार की तड़के 3 बजे 50 सेकंड के लिए अशरफ अली का मोबाइल स्विच ऑन हुआ। उस समय उसकी लोकेशन दिल्ली के आनंद विहार पर पाई गई। यह भी सामने आया कि अशरफ अली ने अपने बैंक खाते से एटीएम के माध्यम से पैसों का निकास भी किया है।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी कहते हैं कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्र के लापता होने के संबंध में थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस की टीम दिल्ली गई हुई है और भी बिंदुओं पर तलाश की जा रही है। छात्र के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर और उसकी लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।
अशरफ अली के हॉस्टल में रहने वाले एक छात्र ने बताया कि मंगलवार को आफताब हॉल में लगे कैमरे में यह देखा गया है कि अशरफ अली वहां से गुजर रहा है। इसके बाद शमशाद मार्केट पर लगे नगर निगम के सीसीटीवी कैमरे से देखा गया तो उसने आधे घंटे तक वहां खरीदारी और अन्य तरह की गतिविधि हैं। इसके बाद में वापस एएमयू की तरफ मुड़ा तो है, लेकिन आया नहीं है। तभी से लापता है।
लापता छात्र के लिए अन्य छात्र प्रॉक्टर ऑफिस पर पहुंचे
अलीगढ़। अशरफ अली के संबंध में शुक्रवार को छात्र कार्यालय पर भी पहुंचे और मांग की कि जल्द से जल्द उसका पता लगाया जाए। इसके अलावा छात्रों ने अशरफ अली के संबंध में प्राक्टर कार्यालय को कुछ नए तथ्यों से अवगत कराया है। कार्यालय ने इन सभी तथ्यों से पुलिस को अवगत कराया है जो कि लापता छात्र की तलाश में जुटी हुई है।
कुछ लोग विश्वविद्यालय का माहौल खराब करना चाहते हैं
अलीगढ़ लापता छात्र अशरफ अली के संबंध में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई ने कहा कि लापता छात्र की आड़ में कुछ लोग विश्वविद्यालय का माहौल खराब करना चाहते हैं। ऐसे लोगों का षड्यंत्र कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन इन पर पूरी नजर रखे हुए है। विश्वविद्यालय प्रशासन पुलिस के साथ मिलकर लापता छात्र का पता लगाने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है।