फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ः ज्वैलर्स के घर दिनदहाड़े लाखों की लूट, पत्नी की हत्या

Fri, 19 Feb 2021 09:04 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महानगर में बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े ज्वैलर्स के घर लूट के दौरान महिला की हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। एटा चुंगी से सटी सरोज नगर कालोनी में कुलदीप ज्वैलर्स के घर घुसे बदमाश ज्वैलर्स की पत्नी कंचन वर्मा की हत्या कर लाखों का माल लूट ले गए। घटना के वक्त महिला घर में अकेली थीं। शाम पांच बजे रिश्तेदार महिला के आने पर इस वारदात की जानकारी हुई। खबर पर एसएसपी, एसपी सिटी सहित पूरा पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। जांच के दौरान एक सीसीटीवी में अपाचे बाइक सवार दो संदिग्ध कैद मिले हैं। इसी दिशा में जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

विज्ञापन


क्वार्सी क्षेत्र की एटा चुंगी चौराहे से सटी सरोज नगर कालोनी निवासी कुलदीप वर्मा का नौरंगाबाद देवी मंदिर के बराबर कुलदीप ज्वैलर्स के नाम से ज्वैलरी शॉप है। कुलदीप रोजाना की तरह अपनी दुकान पर थे, जबकि घर में पत्नी कंचन वर्मा (50) अकेली थीं। दो बेटियों पायल व काजल की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा योगेश उर्फ राजा छह माह पहले लव मैरिज करने के बाद से अलग किराये पर रहता है। वाकया शाम करीब 5 बजे का है। ऊपरकोट इलाके में रहने वाली कुलदीप वर्मा की बड़ी बहन अनीता अपनी भाभी कंचन से मिलने उनके घर पहुंचीं।

उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो किवाड़ अंदर से खुली थीं। उन्होंने काफी देर तक बाहर ही खड़े होकर आवाज लगाई, जब कोई अंदर से नहीं आया तो फोन भी मिलाया। मगर फोन भी रिसीव नहीं हुआ। अंदर जाकर देखा तो बैडरूम में टीवी चल रहा था और मोबाइल भी बैड पर पड़ा था। मगर भाभी नहीं दिख रही थीं। कमरे में सामान भी बिखरा पड़ा था। यह देखते ही उनका माथा ठनक गया। तत्काल उन्होंने दुकान पर मौजूद अपने भाई व बगल में दूसरे रिश्तेदारों को खबर दी। इस पर परिजन आ गए। तब देखा कि बाथरूम का कुंडा बाहर से लगा है। उसे खोला तो कंचन बेसुध पड़ी थीं और गैस गीजर का सिलिंडर चल रहा था। उसका पाइप भी कटा हुआ था। कुत्ता मकान की पहली मंजिल के कमरे में बंद था।
विज्ञापन


यह देख माजरा समझ में आ गया। आनन-फानन सिलिंडर बंद कर महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। खबर पर क्वार्सी इंस्पेक्टर भी पहुंच गए। महिला को मेडिकल में देखते ही मृत घोषित कर दिया गया। बाद में सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी, एसपी क्राइम, सीओ तृतीय, सीओ द्वितीय, सीओ एलआईयू, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस, फील्ड यूनिट आदि टीमें पहुंच गईं। घंटों तक जांच पड़ताल चलती रही। खबर पर महिला की बेटियां व बेटा भी पहुंच गए थे। फौरी जांच में घर के सबसे अंदर के कमरे की तिजोरी का ताला तोड़कर उसमें से लाखों रुपये के जेवरात आदि माल जाने की बात सामने आ रही है। महिला के नाक से खून बह रहा था, जिसे देख अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की दम घुटने से मौत हुई है।
बाकी पड़ताल जारी है।

क्वार्सी के सरोज नगर इलाके में ज्वैलर्स के घर हुई घटना में महिला की मौत हुई है। मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। वहीं सामान बिखरा है और कुछ सामान गायब है। जिससे अनुमान है कि यह घटना लूट के इरादे से हत्या की है। हमारी टीमें जांच कर रही हैं। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। -मुनिराज जी एसएसपी

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें