रोरावर थाना क्षेत्र से एक सप्ताह पूर्व लापता हुई हुई दो नाबालिग बहनों को एक युवक ने होटल में बंधक बनाकर रखा हुआ था। एक किशोरी शुक्रवार को किसी तरह से घर पहुंच गई, बाद में पुलिस ने उसकी बहन को होटल से मुक्त कराकर आरोपी युवक को बंदी बना लिया है। थाना प्रभारी रोरावर विजय सिंह ने बताया कि रोरावर क्षेत्र की दो नाबालिग बहनें, जो 14 और 16 साल की हैं 18 जुलाई को घर से लापता हो गई थीं। परिजन उन्हें इधर-उधर तलाश कर रहे थे। पिता शराबी है और मां घरों में सफाई करके परिवार चलाती है। शुक्रवार की शाम को लापता बहनों में से छोटी बहन अपने घर पहुंच गई, जहां उसने अपनी मां को बताया कि दोनों बहनों को मोहल्ले का जफर नामक युवक अपने साथ दिल्ली ले गया था, जहां से वह वापस ले आया था और एक होटल में रखा हुआ था और किसी से मिलने नहीं दे रहा था, वह किसी तरह निकल कर घर आई है, बड़ी बहन होटल में ही है।
इस पर मां छोटी बेटी को लेकर थाने पर पहुंची और घटना के बारे में बताया। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर होटल से लापता बड़ी बहन को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मां घटना के संबंध में तहरीर लिखा रही है, जिसके आधार पर पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।