महिला शौचालय में ताला लटका मिला
दीनदयाल चिकित्सालय में उन्होंने पंजीकरण काउंटर पर ओपीडी, इनडोर मरीज, इमरजेंसी मरीजों का आवागमन, फिजियोथेरेपिस्ट वार्ड, पीकू वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट, जनरल वार्ड एवं प्रसव के बाद भर्ती महिला मरीजों का हाल-चाल लेने के साथ ही बच्चे के जन्म पर उनको बधाइयां और शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने पैथोलॉजी लैब, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड कक्ष, एंटी रेबीज इंजेक्शन की उपलब्धता के साथ ही कार्डियोलॉजिस्ट से ओपीडी मरीजों के बारे में जानकारी ली। शौचालय में गंदगी पर नाराजगी व्यक्त की। प्रथम तल पर महिला शौचालय का ताला बंद मिलने पर तोड़ने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने नगर क्षेत्र में एंटी लारवा एक्टिविटी और फॉगिंग के निर्देश दिए। सीएमएस दफ्तर में डॉ. आरएस यतेंद्र अनुपस्थित पाए गए।
गुमटी पर लीं चाय की चुस्कियां
कृषि मंत्री ने साथी मंत्रियों के अलावा पार्टी पदाधिकारियों के साथ रामघाट रोड पर एक गुमटी पर कुल्हड़ की चाय का स्वाद लिया और यहां अन्य लोगों से सरकार के काम-काज को लेकर चर्चा की।
स्कूल में बच्चे का मनाया जन्मदिन
कृषि मंत्री ने पीएसी 38 वीं वाहिनी परिसर में स्थापित मॉडल प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण किया। यहां 103 में से 77 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। कक्षा चार के छात्र सक्षम के जन्मदिन पर बधाई देने के साथ एक हजार रुपये देकर बच्चों के बीच मिष्ठान बंटवाया। यहां उन्होंने बच्चों के ज्ञान को परखते हुए कई सवाल पूछे। सही जवाब पर बच्चों को शाबासी दी।
कलेक्ट्रेट में विकास व कानून व्यवस्था की समीक्षा
कलेक्ट्रेट सभागार में विकास एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी एवं मंत्रियों का समूह दौरा कर विकास एवं कानून व्यवस्था को परख रहे हैं। सरकार आम जनमानस को बिजली, पानी समेत सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृृत संकल्पित है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि अब तक 87 करोड़ की संपत्ति अपराधियों की जब्त की गई है।
धार्मिक स्थलों से 215 लाउडस्पीकर हटाकर 900 से अधिक की आवाज को कम कराया गया है। आठ अवैध टैक्सी स्टैंड हटाए गए हैं। 1192 स्थानों से अवैध अतिक्रमण हटाया गया है। 18 पर गुंडा एक्ट एवं जिला बदर की कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि निराश्रित गोवंश, लंपी बीमारी के नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। बैठक में श्रम बोर्ड के अध्यक्ष ठा. रघुराज सिंह, एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह, मानवेंद्र सिंह, विधायक कोल अनिल पाराशर, छर्रा ठा. रवेंद्रपाल सिंह, इगलास राजकुमार सहयोगी, शहर मुक्ता संजीव राजा, पूर्व विधायक संजीव राजा, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, ठा. श्योराज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल, नगर आयुक्त गौरांग राठी, नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ श्वेताभ पांडेय आदि मौजूद रहे।
विकास कार्य एवं कानून व्यवस्था संतोषजनक: शाही
प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि संसाधन विभाग के मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जिले में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था को लेकर संतुष्टि जताई है। मीडिया से बातचीत में कृषि मंत्री ने अधिकारियों को मानक के अनुरूप विद्युत आपूर्ति करने, नगरीय क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, आयुष्मान भारत योजना में लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड शीघ्र उपलब्ध कराने, खराब पड़े सरकारी नलकूपों को 36 घंटे में सही कराने के निर्देश दिए।
प्रदेश में आगामी सप्ताह से 10000 सोलर पंप लगाए जाएंगे। कृषि मंत्री ने मलिन बस्ती के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद बताने के साथ ही नगर निगम की कार्यप्रणाली पर 80 फीसदी संतुष्टि जाहिर की और 20 फीसदी कमियों को सुधारने के निर्देश दिए। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि भाजपा से पहले की सरकारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया था। अब सरकार ने मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के साथ ही डॉक्टरों को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक-दो दिन में डॉक्टर तैयार नहीं होता है। एक डॉक्टर तैयार होने में छह से सात साल लग जाते हैं।