खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए अलीगढ़ नगर निगम 15 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक मिनी स्टेडियम का निर्माण कराएगा। स्टेडियम में क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल जैसी कई खेल गतिविधियां संचालित हो सकेंगी।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में एक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनकर तैयार हो चुका है। जल्द ही इसका शुभारंभ भी होगा। इसके अलावा नगर निगम मिनी स्टेडियम तैयार कराएगा। स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, प्रसाधन सुविधाएं और प्रशासनिक भवन का निर्माण होगा। साथ ही इंडोर गेम्स के लिए अलग से हॉल और दौड़ने के लिए ट्रैक भी तैयार किया जाएगा।
महापौर प्रशांत सिंघल ने बताया कि यह स्टेडियम शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वर्तमान में शहर में पर्याप्त खेल सुविधाओं की कमी है, जिसके कारण युवा खिलाड़ी उच्च स्तर की तैयारी के लिए अन्य शहरों की ओर रुख करते हैं।
इस मिनी परियोजना की डीपीआर तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है। नगर निगम जल्द ही पूरा प्रस्ताव शासन को भेजेगा, ताकि शीघ्र स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो सके। अनुमान है कि स्टेडियम में 500-1000 दर्शकों की क्षमता होगी। इसमें आधुनिक लाइटिंग, सीटिंग और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल रहेंगी।