देश के टॉप 25 मेडिकल कॉलेजों में एएमयू का जेएन मेडिकल कॉलेज को 12 वां रैंक हासिल हुआ है। इंडिया टुडे के ताजा सर्वे रिपोर्ट के बाद एएमयू में हर्ष का माहौल है।
इंडिया टुडे ग्रुप के लिए नीलसन कंपनी ने यह सर्वे दिसंबर 2015 से अप्रैल 2016 के बीच किया था। 2015 के सर्वे में जेएन मेडिकल कॉलेज 14 वें और 2014 के सर्वे में 15 वें रैंक पर था। उत्तर प्रदेश में केवल दो मेडिकल कॉलेजों ने ही रैंक प्राप्त किया है जिसमें लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज को पहला और एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज को दूसरा रैंक प्राप्त हुआ है।
गत तीन वर्षों से आल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) दिल्ली प्रथम रैंक पर है। जेएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. तारिक मंसूर ने इस उपलब्धि के लिए सभी छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी है।
उनका कहना है कि यह सफलता टीम वर्क से हासिल हो सकी है और सबका बराबर योगदान है। देश के टॉप 25 कॉलेजों में एएमयू का लॉ फैकल्टी इस बार भी 6 वें स्थान पर है। इंजीनियरिंग के टॉप 25 कॉलेजों में एएमयू का जाकिर हुसैन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी 23 वें रैंक पर है।