अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की एमबीबीएस/बीडीएस की प्रथम चरण की प्रवेश परीक्षा 10 अप्रैल को प्रात: 11 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें देश भर के 11 शहरों में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों पर 60 हजार 725 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
अलीगढ़ में यह प्रवेश परीक्षा 41 केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 19031 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों में 9769 लड़के और 9262 लड़कियां है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 10799, इलाहाबाद में 2612 और बरेली में 2289 अभ्यर्थी भाग लेंगे। पश्चिमी बंगाल के कोलकता में 3 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं जहां 3138 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 6 केन्द्रों पर 2751, श्रीनगर में 7 परीक्षा केन्द्रों में 4197, केराला के कोजीकोड के 14 केन्द्रों पर 6417, हैदराबाद में 968, पटना में 8 केंद्रों पर 7060 और गुहाटी में 3 केंद्रों पर 1463 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
एएमयू परीक्षा कंट्रोलर प्रो. जावेद अख्तर ने बताया कि एमबीबीएस और बीडीएस की इस महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा के लिए सभी तरह की तैयारियां कर ली गई हैं। प्रवेश परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की फोटो ग्राफी भी कराई जा रही है। एमबीबीएस में करीब 145 एवं बीडीएस में 35 सीट है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल एएमयू की एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा विवादों में घिर गई थी। उसके बाद एकेडमिक काउंसिल ने एमबीबीएस एवं बीडीएस प्रवेश परीक्षा दो चरणों में कराने का निर्णय लिया था। दूसरे चरण की परीक्षा 29 मई को होगी।