नगर निगम के जवाहर भवन में महापौर मोहम्मद फुरकान, नगर आयुक्त गौरांग राठी ने शहर के कई व्यापारी संगठनों के साथ बढ़े गृह कर को लेकर चर्चा की। बैठक में व्यापारी नेता हरिकिशन अग्रवाल, अनिल सेंचुरी, मनीष अग्रवाल वूल, दिनेश चंद्र, ओपी राठी, सतीश चंद्र माहेश्वरी, डीके अग्रवाल, पंकज गर्ग, दिनेश शास्त्री आदि मौजूद रहे।
महापौर मोहम्मद फुरकान ने कहा कि बढ़े गृह कर संबंधी आपत्तियों के निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ ही शहरवासियों को राहत देने के लिए आगामी बोर्ड अधिवेशन में प्रस्ताव रखा जाएगा। देर शाम नगर आयुक्त गौरांग राठी की अध्यक्षता में उपसभापति डॉ. मुकेश शर्मा, पार्षद वीरेंद्र सिंह, दिनेश गुप्ता, कुलदीप पांडे, लतेश चौधरी, डॉ. पंकज सक्सेना के साथ कैंप कार्यालय पर गृह कर पर मंथन हुआ। बैठक में सर्वसम्मति से नगर निगम सीमा में पार्षद वार्ड में हाउस टैक्स के कैंप लगाकर एआरवी वाले बिल की मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कर निर्धारण अधिकारी और कर अधीक्षक स्तर से जांच कराकर बिल निकालने की कार्रवाई का निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने बताया कि गृह कर आपत्तियों के निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम सभी वार्ड में चार अगस्त से 21 सितंबर तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर दो बजे तक गृहकर संबंधी शिविर आयोजित होगा।
जन शिकायतों के निस्तारण का निर्देश
अलीगढ़॥ संभव संतुष्टि व समृद्धि के तहत जन शिकायतों के त्वरित व प्रभावी निस्तारण के लिए नगर आयुक्त गौरांग राठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक सेवाभवन कक्ष में फरियादियों के सामने सफाई, निर्माण स्ट्रीट लाइट, संपत्ति, प्रवर्तन जलकल विभाग के अधीनस्थों को बैठाकर अधिकांश समस्याओं का समाधान कराया गया। नगर आयुक्त ने पूर्व सैनिकों का स्वागत किया गया। पूर्व सैनिकों ने क्वार्सी चौराहे पर नगर आयुक्त से शहीद स्मारक बनवाए जाने का अनुरोध किया।
--
गृह कर में की गई वृद्धि वापस लेने की मांग
अलीगढ़। गृह कर में वृद्धि को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र वार्ष्णेय की अगुवाई में ज्ञापन उप नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता को सौंपा गया। जिला अध्यक्ष भूपेंद्र वार्ष्णेय ने मांग की कि नगर निगम द्वारा गृहकर में की गई समस्त वृद्धि तत्काल प्रभाव से वापस ली जाए। इसके अलावा, अन्य मांगे भी उठाई गईं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र वार्ष्णेय के साथ जिला महामंत्री ठाकुर राजीव सिंह, हरी बाबू गुप्ता, उपाध्यक्ष अनिल राज गुप्ता, युवा अध्यक्ष हेमंत गर्ग आदि मौजूद रहे।