डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ - सफाई रखने के साथ पत्रावलियों, अभिलेखों का उचित रख-रखाव रखने के निर्देश दिए। सार्वजनिक शौचालय में गंदगी मिलने पर उसकी दिन में कम से कम तीन बार सफाई कराने को कहा।
जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में रखे गमले में रोपित पौधे सूखे मिलने पर नाराजगी जतायी। कार्यालय के बाहर बने शौचालय को हटाने के निर्देश दिए। डाकघर कार्यालय में अभिलेखों, कुर्सी, मेज आदि के अस्त - व्यस्त मिलने पर पोस्टमास्टर को कड़ी नसीहत दी । कलेक्ट्रेट परिसर में पेड़ों की कटाई- छंटाई कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पार्कों में मौलश्री, फाइकस, चंपा के पौधे रोपित कराने को कहा। संयुक्त कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी हेमंत जैन को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। स्वर्ण जयंती स्तंभ पार्क में खराब पड़े फुव्वारे को हटाकर ग्रीनरी स्थापित करने और अपनी आयु पूर्ण कर चुके सूखे पेड़ों को भी हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल, एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भटट, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, डिप्टी कलक्टर मोहम्मद जफर, सहायक सूचना निदेशक संदीप कुमार, ईडीएम मनोज राजपूत आदि उपस्थित रहे।