बसपा सुप्रीमो मायावती 15 अप्रैल सुबह 11 बजे नुमाइश मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी। बसपा के मंडल जोन इंचार्ज रणवीर सिंह कश्यप ने बताया कि पार्टी से उक्त कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 15 अप्रैल को तीनों पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तीन अलग अलग सभाओं को संबोधित करेंगे।
पहली जनसभा अलीगढ़ में होगी। यहां सभा करने के बाद तीनों नेता पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दो अन्य सभाएं करेंगे। मंडल जोन इंचार्ज रणवीर सिंह कश्यप ने बताया कि इस सभा में बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद के मुखिया चौ. अजित सिंह भी होंगे।
बसपा की स्थानीय यूनिट ने जिला प्रशासन को नुमाइश मैदान सभास्थल के लिए आवेदन कर दिया है, जिसका शुल्क भी जमा करा दिया गया है। तीनों नेता अलीगढ़ के गठबंधन प्रत्याशी अजीत बालियान और हाथरस संसदीय सीट के प्रत्याशी राम जी लाल सुमन के लिए जनसमर्थन मांगेंगे। सभी पार्टियों के नेता इस जनसभा की तैयारियों में जुट गए हैं।
अखिलेश की सभा की तैयारियों में जुटे नेता
अखिलेश यादव की 9 अप्रैल को प्रस्तावित चुनावी सभा को लेकर सपाइयों ने तैयारियां शुरू कर दी है। हाथरस के गठबंधन प्रत्याशी रामजी लाल सुमन के समर्थन में प्रचार करने आ रहे अखिलेश यादव की दो जनसभाएं होनी हैं। पहली नानऊ छर्रा में और दूसरी सिंकदराराऊ में।
सपा की अलीगढ़ यूनिट नानऊ छर्रा की सभा की तैयारियों को पूरा कराने में जुट गई है। जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि जनसभा के लिए हैलीपेड समेत सभी व्यवस्थाओं को पूरा किया जा रहा है। 8 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी।