एएमयू के मौलाना आजाद लाइब्रेरी परिसर में बुधवार को कुछ युवकों ने फायरिंग कर खलबली मचा दी। एक युवक की पिटाई की भी सूचना है।
बुधवार शाम को कैनेडी हाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान मौलाना आजाद लाइब्रेरी परिसर स्थित साइकिल स्टैंड के पास कुछ युवक आपस में भिड़ गए।
पहले युवकों के बीच मारपीट हुई। उसके बाद एक के बाद एक कई फायरिंग हुए। फायरिंग की आवाज सुनकर परिसर में खलबली मच गई। इस मामले में एक जमालपुर के असीम नामक युवक को पकड़ा गया है।
प्रॉक्टोरियल टीम ने पकड़े गए युवक को प्रॉक्टर आफिस बुलाकर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रॉक्टर प्रो. एम मोहसिन खान ने बताया कि युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मारपीट करने वाले युवक बाहरी है। इसमें छात्र संलिप्त नहीं है। कैंपस में चर्चा है कि पुरानी रंजिश के कारण युवकों के बीच मारपीट हुई है। दूसरे पक्ष को लेकर भी कैंपस में तरह-तरह के चर्चे है।
उल्लेखनीय है कि कुछ सप्ताह पहले पीएचडी छात्र को मौलाना आजाद लाइब्रेरी परिसर में ही कुछ युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया था।