अलीगढ़ महानगर के थाना बन्ना देवी क्षेत्र के अंतर्गत सरसोल चौराहा स्थित नीवरी हाउस में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां संचालित एक डिजिटल लाइब्रेरी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते इमारत की दूसरी मंजिल से धुएं का गुबार उठने लगा।
अलीगढ़ महानगर के थाना बन्ना देवी क्षेत्र के अंतर्गत सरसोल चौराहा स्थित नीवरी हाउस में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां संचालित एक डिजिटल लाइब्रेरी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते इमारत की दूसरी मंजिल से धुएं का गुबार उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
शॉर्ट सर्किट बनी वजह
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक, आग लगने की यह घटना सुबह के समय हुई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय लाइब्रेरी बंद थी, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस अग्निकांड में कुछ पंखे और लाइब्रेरी का अन्य सामान जलकर खाक हो गया है, हालांकि किसी बड़े वित्तीय नुकसान की सूचना नहीं है।
सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक और सार्वजनिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए हालिया अग्निकांड के बाद से ही अलीगढ़ जिला प्रशासन और अलीगढ़ विकास प्राधिकरण सुरक्षा मानकों को लेकर शहर भर में लगातार जांच अभियान चला रहा है। ऐसे में इस तरह की घटना सामने आना कहीं न कहीं सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही को उजागर करता है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।