सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के अल्लामा इकबाल छात्रावास के वॉर्डन हाउस के कमरा नंबर-3 में 17 नवंबर की रात नकाबपोशों ने हमला कर दिया। हमले में 12वीं का छात्र समर अलतमस घायल हो गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
विज्ञापन
मूल रूप से बिहार के कटिहार निवासी अलतमस ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे वह छोटे भाई सैफ और रूम मेट अनम के साथ कमरे में बैठा था। इस दौरान पुरानी रंजिश में गाजीपुर निवासी इकरामा आठ अन्य नकाबपोश साथियों के साथ आ गया। आरोपियों ने उस पर हॉकी स्टिक, लाठी-डंडे और पाइप से मारपीट व गाली-गलौज की।
इससे छात्र के सिर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। छोटे भाई और अनम ने किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सीओ तृतीय सर्वम सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी भी छात्र बताए गए हैं। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।