दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता का बेल्ट से गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया। बेहोशी की हालत में मासूम बेटी के साथ उसे जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता के भाई संदीप की तहरीर पर पुलिस ने पति व सास ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव श्यारौल निवासी पीड़िता के भाई संदीप के अनुसार उसकी बहन की शादी 19 जनवरी 2019 को अंकित पुत्र रमेश निवासी बी-33 रामबिहार जौहरीपुर थाना करावलनगर दिल्ली से 25 लाख रुपये लगाकर पूरी रीति रिवाज से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही सास उमेश ससुर रमेश व पति अंकित अतिरिक्त दहेज में 10 लाख रुपये व एक स्कोर्पियो की मांग करने लगे।
उसकी बहन का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। जिस पर पीड़िता के पिता ने अतिरिक्त दहेज के लिए कुछ समय मांगा, लेकिन मांग पूरी न कर सके। 6 नवंबर को सास ने योजनाबद्ध तरीके से अपने भाई की ससुराल में एक्सीडेंट का बहाना बनाकर उसे कार में बैठा लिया।
गांव श्यारौल के समीप के जंगलों में गाड़ी रोककर बहन को कार से उतार दिया। उसे लात घूंसों से पीटा। ससुर ने अपनी बेल्ट सास को दे दी, सास ने उसके गले में बेल्ट का फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास किया। गला घुटने पर वह बेहोश हो गई। उसे मरा समझकर उक्त लोग रात्रि के समय मे ही बेहोशी की हालत में मेरी बहन व उसकी मासूम बेटी को जंगल में ही छोड़कर भाग गए।
रात्रि करीब 3 बजे गांव के ही एक युवक ने उसके बेहोश होने की सूचना दी। वहां पहुंच कर बहन सरिता को टप्पल के अस्पताल में भर्ती कराया। बहनोई को फोन लगाया तो उसने रिसीव नहीं किया। सरिता का जिला अस्पताल मलखान सिंह में उपचार चल रहा है। पीड़िता सरिता के भाई संदीप की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति अंकित, सास उमेश व ससुर रमेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।