गांव गौमत में बुधवार सुबह कमरे में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने बताया है कि पति ने मोबाइल में सीरियल देखने पर उसे डांट दिया था। इधर, मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है।
गांव गौमत निवासी गीता देवी (30) पत्नी प्रेम कुमार बुधवार सुबह घर के कमरे में पंखे से लटकी मिली। सबसे पहले उनके जेठ की करीब 15 वर्षीय बेटी किसी सामान के लिए कमरे में पहुंची तो उसने गीता को फंदे पर लटका देखा। उसके शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पति प्रेम कुमार भी घर पहुंचा और गीता को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैर ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार गीता मूल रूप से गोरई गांव की रहने वाली थीं। 2012 में उनकी शादी ऑटो चालक प्रेम कुमार से हुई थी और उनके तीन पुत्र हैं। पति ने बताया है कि मंगलवार रात पत्नी को मोबाइल पर धारावाहिक देखते हुए डांटकर मोबाइल रखवा दिया था। इसके बाद परिवार ने साथ भोजन किया और सभी सो गए। बुधवार सुबह प्रेम कुमार ऑटो लेकर काम पर चला गया। गीता ने पहले तीनों बेटों को स्कूल भेज दिया। इसके बाद फंदे पर झूल गई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए, जहां दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप हुए। पिता चंद्रपाल ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गीता के मायके पक्ष से पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। मृतका के तीनों बच्चे अभी भी प्रेम कुमार के परिवार में हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - अभिषेक पटेल, क्षेत्राधिकारी।