बदरबाग स्थित शिव मंदिर में छठ पूजा को लेकर सफाई करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
महापर्व छठ को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। शहर की थोक फल मंडी में जहां बेमौसमी फलों की आवक तेज हो गई, वहीं फुटकर बाजार भी फलों व छठ की पूजन सामग्रियों से गुलजार हो गया है। छठ पूजा को लेकर बाजार में फलों की कीमतों में बढ़ोत्तरी हो गई है। इससे मंडी में खरीदारी को लेकर व्यापारियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।
रामघाट रोड के फल कारोबारी राहुल ने बताया कि छठ पर्व पर बिक्री के लिए आंध्रप्रदेश एवं तमिलनाडु से नारियल की आवक हो रही है। छठ में फलों की कमी न हो इसके मद्देनजर फल स्टोर करना शुरू कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि सेब कश्मीर से आ रहा है। अनार पुणे और गुजरात से आ रहा है।
बाजार में सेब 60 से 80 रुपये प्रति किलो, अन्नास 100 रुपये, पपीता 50 रुपये, संतरा 80 रुपये, खरबूज 40 रुपये, अनार 100 रुपये, नग 80 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक्री हो रही है। इसी तरह से अंगूर 200 रुपये, लाल अंगूर 400 रुपये, मालटा 120 रुपये, मौसमी 40 रुपये, अमरूद 120 रुपये, आलू बुखारा 170 रुपये, रामफल 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। नारियल 40 रुपये, कीवी फल 30 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बिक्री हो रही है। फलों के अलावा नए कपड़ों के पहनने का महत्व होता है। ऐसे में नए कपड़ों की खरीद शुरू हो गई है।