अलीगढ़- दिल्ली रूट पर री-मॉडलिंग के काम के चलते बृहस्पतिवार को शताब्दी समेत कई ट्रेनें घंटों देरी से स्टेशन पर पहुंचीं। इसके चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को दिल्ली से लखनऊ जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 07:45 के बजाय 09:26 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंची। इसी तरह नार्थ ईस्ट 09:11 बजे के बजाय 10:46 बजे पहुंची।
उधर, कानपुर-उन्नाव के बीच चल रहे री-मॉडलिंग के काम के चलते दिल्ली जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस सुबह 03:50 बजे के स्थान पर 09:36 बजे, कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन 04:30 की जगह 10:24 बजे, ब्रह्मपुत्र मेल 01:40 की जगह 07:15 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण सफर करने वाले यात्रियों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा और वे काफी देरी से गंतव्य को रवाना हो सके।
आज मेगा ब्लॉक से होगी परेशानी
अलीगढ़- दिल्ली रूट पर सोमना-कलुवा के मध्य चल रहे री-मॉडलिंग के काम को लेकर शुक्रवार को रेलवे ने मेगा ब्लॉक घोषित किया है। करीब छह घंटे से अधिक समय तक रहने वाले इस ब्लॉक के चलते यहां से गुजरने वाली अप और डाउन लाइन की कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। इसको लेकर ट्रेनों को अलीगढ़ स्टेशन के अलावा दूसरे स्टेशनों के बीच रोका जाएगा।
आज से नियमित होगा पैसेंजर ट्रेनों का संचालन
रेल प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के बाद से करीब दो साल से बंद पड़ी नई दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू एवं अलीगढ़-नई दिल्ली (अनारक्षित एक्सप्रेस) विशेष को पुन: संचालित करने का निर्णय लिया है। दैनिक यात्री काफी समय से ट्रेन संचालन की मांग कर रहे थे।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि दिल्ली- अलीगढ़ ईएमयू पैसेंजर ट्रेन का संचालन होगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली से ट्रेन सुबह 06:05 बजे नई दिल्ली से शिवाजी ब्रिज, तिलक ब्रिज के रास्ते गाजियाबाद, साहिबाबाद, दनकौर, चोला, खुर्जा, सोमना, कुलवा, महरावल के रास्ते अपरान्ह 11:00 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह अलीगढ़ से पुरानी दिल्ली जाने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन अलीगढ़ से सुबह 06:10 बजे रवाना होगी और 09:10 बजे शहादरा के रास्ते पुरानी दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी।