राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी(अलीगढ़ महोत्सव 2016) के कृष्णांजलि मंच पर स्कूली कलाकारों की तीन दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘लोक मंजरी’ के अंतिम दिन ग्राण्ड फि नाले में प्रथम स्थान विजडम पब्लिक स्कूल ने हासिल किया। एडीएम सिटी अवधेश कुमार तिवारी ने विजेता स्कूली कलाकारों की टीमों को पुरस्कृत किया।
विजडम स्कूल के म्यूजिकल बैंड को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 15 हजार रुपये की नगद धनराशि दी। द्वितीय पुरस्कार डीपीएस सिविल लाइन की नृत्य प्रस्तुति करने वाले कलाकारों को 10 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार ग्रीन क्रीसेन्ट पब्लिक स्कूल के बच्चों को नगद 75 सौ रुपये दिये गये।
विशेष सांत्वना पुरस्कारों में कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल के बैण्ड और महर्षि विद्या मंदिर के बाल कलाकारों ने बाजी मारी। इन्हें पांच-पांच हजार रुपये की नगद धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी गयी। तीनों दिनों के प्रतिभागी करीब 700 स्कूली कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन अहिंसा फ ाउंडेशन व अलीगढ़ कल्चरल क्लब द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। प्रतियोगिता का संचालन डा. राकेश सक्सेना व पंकज धीरज ने किया। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य सरदार दलजीत सिंह, विष्णु कुमार बंटी, कार्यक्रम संयोजन समिति सदस्या डा. शहनाज खान आदि मौजूद रहे। निर्णायक मण्डल में संगीतज्ञ जॉनी फ ास्टर व मीनाक्षी नागपाल रहे।