लोधा क्षेत्र में जोफरी रोड पर युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिस तरह से मौके पर व चंद कदमों की दूरी पर स्थित उसके कमरे में शराब, नमकीन आदि पाई गई है, उससे युवक की हत्या का अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है। मगर जाहिरा कोई चोट नहीं है।
मूल रूप से लोधा के गांव भरतपुर निवासी छोटेलाल (35) पुत्र रंजीत सिंह को सारसौल स्थित कांशीराम आवासीय कालोनी में सरकारी आवास मिला था और जोफरी रोड पर उसने एक प्लाट खरीदकर उस पर कमरा बना लिया था। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी, पहली पत्नी के बच्चे नोएडा रहकर खुद अपना पेट पालते हैं। दूसरी पत्नी से भी बेटा व बेटी है। दूसरी पत्नी से कुछ निजी कारणों को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस जांच में पता चला है कि उसने यह शिकायत अधिकारियों को भेज रखी थी कि उसके कांशीराम आवास योजना वाले मकान पर दूसरी पत्नी ने अपने प्रेमी की मदद से कब्जा करा लिया है और वह उसकी हत्या कर सकते हैं। इसी के चलते वह अब अपने कमरे पर अलग रह रहा था। थाना पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिवार को सौंप दिया है। रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं किसी पक्ष ने कोई तहरीर भी नहीं दी है।