देहली गेट इलाके के बाईपास स्थित शाहपुर कुतुब के पास रविवार दोपहर मांझे में उलझकर डिवाइडर पर गिरे बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पत्नी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मूल रूप से नानऊ अकराबाद निवासी 35 वर्षीय रोनू पुत्र मुरारी अपनी पत्नी खुशबू संग अपनी बहन के घर भीकमपुर गभाना गया था। रविवार दोपहर 3 बजे वह बाइक पर पत्नी को लेकर गांव लौट रहा था। बाईपास के रास्ते जाते समय शाहपुर कुतुब के पास बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। उसके मांझे में रोनू उलझ गया और बाइक असंतुलित हो गई।
इस दौरान दंपती डिवाइडर पर जा गिरे। सिर डिवाइडर में लगने से रोनू की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। खबर पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लेकर गई। जहां रोनू को तो मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पत्नी को भरती कराया गया। इस सूचना पर परिवार वाले भी पहुंच गए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।