संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
सिकंदराराऊ रोड स्थित गांव सोखना के निकट हाथरस जंक्शन की ओर से आ रहे कैंटर में अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र निवासी युवक की बाइक पीछे से घुस गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। उसके साथ मौजूद दूसरा युवक भी मामूली रूप से चोटिल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जनपद अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र के गांव भवीगढ़ निवासी विकास (35) पुत्र दलवीर बृहस्पतिवार की देर रात को अपने एक साथी के साथ बाइक से हाथरस जंक्शन की ओर से हाथरस शहर की ओर आ रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही गांव सोखना के निकट पहुंची तो सामने चल रहे कैंटर में पीछे से घुस गई। विकास की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद दूसरा युवक चोटिल हो गया। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ लग गई। इलाका पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी अलीगढ़ से हाथरस पहुंच गए। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी एसएसओ चतर सिंह राजौरा ने बताया कि कैंटर में पीछे से बाइक घुसने के कारण बाइक सवार की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है।