उदय सिंह जैन रोड़ पर मकान को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया सील। संवाद
- फोटो : CITY OFFICE
अवैध निर्माणों को लेकर एडीए सख्त है। इसके बाद भी शहर में अवैध निर्माण कम नहीं हो रहे हैं। महानगर के गांधीपार्क थाना क्षेत्र के मामू भांजे में एक संकरी गली में बिना नक्शा ही बहुमंजिला व्यावसायिक भवन बनाया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की तो शुक्रवार को एडीए की टीम मौके पर जांच पड़ताल को पहुंच गईं।
यहां टीम ने निर्माण स्थल पर एक बोर्ड लगाते हुए लोगों से किसी भी प्रकार का भवन का क्रय-विक्रय न करने की अपील की है। संभावना है कि जल्द ही भवन की सीलिंग आदि की कार्रवाई की जा सकती है। मामू भांजा तिराहे पर अंकित अग्रवाल द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही एक बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा है।
बेसमेंट समेत यह तीन मंजिल का भवन है। स्थानीय लोग इसकी शिकायत लगातार करते चले आ रहे थे। एडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने इसको लेकर प्रवर्तन की टीम को मौके पर जाकर जांच और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय अभियंता मनोज कुमार शर्मा टीम के साथ पहुंच गए।
उन्होंने भवन के बाहर एडीए की ओर से एक सार्वजनिक बोर्ड लगवा दिया। बोर्ड में लोगों से अवैध भवन में किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त न करने की अपील की गई है। अंकित अग्रवाल के भवन के साथ ही मामू भांजा में कई अन्य बड़े निर्माण चल रहे हैं। एडीए ने इनका भी सर्वे कर लिया है। संकरी गलियों में ही बहुमंजिला भवन बन रहे हैं।