अचलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते कांवड़िया
- फोटो : संवाद
कहीं हुआ भंडारा तो कहीं लगाया चिकित्सा शिविर
महाशिवरात्रि पर रामघाट रोड से लेकर खैर रोड तक शहर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संस्थाओं ने शिविर लगाकर सेवा कार्याें की मिसाल पेश की है। कहीं भंडारे का आयोजन हुआ तो कहीं चिकित्सा शिविर लगाया गया।
पराग डेयरी रामघाट रोड पर आस्था संस्था द्वारा 29वें वार्षिक भंडारे का आयोजन किया गया। मुख्य संयोजक हिमांशु गर्ग ने बताया कि यहां 48 घंटे निशुल्क आस्था मेडिकल कैंप संचालित हो रहा है, जिसमें डॉक्टरों की टीम, फिजियोथैरेपी और एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध है। यहां कांवड़ियों के लिए 56 भोग के साथ-साथ बाबा अमरनाथ के हिम शिवलिंग के दर्शन मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
रामघाट रोड पर विद्या भारती के पूर्व छात्रों और इंडो-नेपाल एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन द्वारा फल, दूध और चिकित्सा सुविधा के साथ कांवड़ियों की सेवा की गई। पूर्व महापौर प्रत्याशी सलमान शाहिद ने ओम डेयरी पर शिविर लगाकर हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दिया और कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना परम पुण्य का कार्य है।
सेंटर प्वाइंट व्यापार मंडल ने समद रोड पर शिविर लगाया, वहीं अखिल भारतीय महिला कायस्थ महासभा द्वारा भाग्यतारा ब्रेन सेंटर पर फल और शीतल पेय वितरित किया गया। खुशियों की हेल्पलाइन संस्था ने भी प्राथमिक चिकित्सा प्रदान कर मानवीय सेवा का परिचय दिया। खैर रोड स्थित प्राचीन श्री खेरेश्वर महादेव मंदिर में अध्यक्ष गेहराज सिंह के नेतृत्व में बाबा महाकाल की बरात निकाली गई। पगड़ी पहनकर बरातियों ने गाजे-बाजे के साथ बाबा के डोले की अगवानी की।
खेरेश्वर मंदिर पर जलाभिषेक करते भक्त
- फोटो : संवाद
बाबा की हल्दी-मेहंदी रस्म संपन्न
पक्की सराय स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मेहंदी संग हल्दी की रस्म का आयोजन किया गया। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या में बाबा भोलेनाथ व माता पार्वती की हल्दी, मेहंदी की रस्म हुई। मंदिर परिसर को झालरों और फूलों से सजाया गया है।
मंदिर प्रभारी अन्ना वार्ष्णेय ने बताया कि शाम तीन बजे से हल्दी, मेहंदी का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। रात्रि सात बजे बाबा की आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। महाशिवरात्रि पर सुबह से ही जलाभिषेक और बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़। सुबह बाबा की विशाल बरात पक्की सराय शिव मंदिर से प्रारंभ होगी।